प्रदूषण खत्म न हुआ तो भविष्य खतरे में आएगा : नितिन गडकरी
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
चेतना मंच
01 Dec 2025 01:36 AM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के पास जेवर में निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को यमुना ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे से जोडऩे वाले इंटरचेंज का आज केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने निरीक्षण किया। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इंटरचेंज पर ‘एक पेड़ माँ के नाम-2.0’ अभियान की शुरूआत भी की। इस अवसर उन्होंने कहा कि अगर प्रदूषण खत्म न हुआ तो भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने स्वच्छता के महत्व को समझते हुए उसके प्रति जागरुकता निर्माण करने के उद्येश्य से मंगलवार को फरीदाबाद-नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट कॉरिडोर (फरीदाबाद-जेवर एक्सप्रेसवे) में ‘स्वच्छता ही सेवा 2025’ अभियान के अंतर्गत ‘एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ वृक्षारोपण अभियान का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम स्थल में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश को हरित अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाने और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से लडऩे के लिए टिकाऊ जीवनशैली को अपनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पिछले वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पहल शुरु की गई थी। यह केवल पर्यावरण के लिए योगदान नहीं, बल्कि धरती माँ के प्रति आभार प्रकट करने का पावन तरीका है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक पर्यावरणीय प्रयास नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक, नैतिक आंदोलन है। माँ के प्रेम और प्रकृति की ममता को जोडऩे वाला ‘जन आंदोलन’ है। विकास को नैतिकता, अर्थव्यवस्था, परिस्थितिकी और पर्यावरण के साथ आगे बढऩा चाहिए। सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अंतर्गत, हमने कार्बन उत्सर्जन को कम करने और हमारे राष्ट्रीय राजमार्गों को अधिक पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए कई महत्त्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अब तक 4.78 करोड़ से अधिक पेड़ लगाए गए है, 70,000 पेड़ों का ट्रांसप्लांटेशन किया गया है। वर्ष 2024-25 में 60 लाख पेड़ का लक्ष्य था, जब कि 67 लाख पौधे लगाकर 112 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया है। दिल्ली-एनसीआर में मियावाकी पद्धति से 53 एकड़ भूमि पर 4 लाख पौधे लगाए गए है। उन्होंने सभी से निवेदन और आग्रह करता हूँ, कि इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और धरती माता और हमारी माताओं के प्रति सम्मान प्रकट करने के अवसर का हिस्सा बनें। हम सब मिलकर ऐसा भारत बनाएं, जो तेज भी हो, टिकाऊ भी हो और हरियाली से लथपथ भी हो।
ऑटो मोबाइल सेक्टर को नम्बर-1 बनाना है
केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश के प्रदूषण को बढ़ाने में ट्रांसपोर्ट विभाग का 40 प्रतिशत का हिस्सा है। हम जितने नए रास्ते बना रहे हैं उतने ही वाहनों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जब वह मंत्री बने तो भारत का ऑटो मोबाइल सेक्टर दुनिया में 13 या 14वें नंबर पर था, लेकिन कुछ वर्षों में ही भारत ने जापान को पछाडक़र ऑटो मोबाइल सेक्टर में तीसरा स्थान हासिल किया है। आज भारत का ऑटो मोबाइल इंडस्ट्री 42 लाख करोड़ रूपये की है। इस इंडस्ट्री ने सबसे ज्यादा जीएसटी व रेवेन्यू दिया है और 4.50 करोड़ युवाओं को रोजगार दिया है। उन्होंने कहा कि अगले 5 सालों में भारत का ऑटो मोबाइल सेक्टर को नम्बर-1 बनाना है।
दिल्ली में कचरे के पहाड़ नष्ट करने का संकल्प
केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उनके मंत्रालय ने दिल्ली में चार बड़े कचरे के ढ़ेर को नष्ट करने का संकल्प लिया है। एनएचएआई ने 80 लाख टन कचरा रोड पर डाला है जिसके कारण गाजीपुर के कचरे का पहाड़ 7 मीटर कम हुआ है। उन्होंने कहा कि कचरे के ढ़ेर को हटाकर दिल्ली के प्रदूषण को कम करने का संकल्प विभाग ने लिया है।
बाम्बू की खेती बनेगी बड़ी इकॉनोमी
केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि चीन में बाम्बू की खेती की इकॉनोमी 2 लाख करोड़ रूपये है। अब भारत में भी बाम्बू की खेती को इकॉनोमी के लिए एक बड़ा साधान बनाना है। उन्होंने कहा कि बाम्बू की कटाई के लिए पहले विभाग से अनुमति लेनी पड़ती थी, लेकिन प्रधानमंत्री के निर्देश पर अब इस अनुमति के नियम को खत्म कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बाम्बू से जर्सी, आचार, कपड़े और इथोनॉल तथा वाइट कोल बनाया जाता है।
दिल्ली के प्रदूषण ने कम की आम आदमी की जिंदगी
केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वह दिल्ली में एक-दो दिन ही रूकते हैं क्योंकि दिल्ली का प्रदूषण बेहद खतरनाक है। दिल्ली में जो प्रदूषण है उसने आम आदमी का जीवन कम कर दिया है। अब दिल्ली-एनसीआर के पास जेवर एयरपोर्ट बनेगा तो आज जो यहां जीवन है उसमें बड़ा बदलाव होगा। इसलिए हमें आज से प्रयास करना होगा कि जेवर एयरपोर्ट शुरू होने से पहले इस क्षेत्र को हरियाली से भरपूर बना दें।
बरसात के पानी का करें संचय
केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों को इस अवसर पर सलाह देते हुए कहा कि बरसात के पानी का संचय करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में उन्होंने एक हजार अमृत सरोबर बनाए हैं। जिसमें पानी संचय किया जाता है। उन्होंने कहा कि दौडऩे वाले पानी को चलने, चलने वाले पानी को रूकने तथा रूके हुए पानी को धरती के लिए बचाएं जिससे आने वाले भविष्य सुरक्षित हों। जल, जमीन, जंगल और जानवर को सुरक्षित करना होगा अगर पर्यावरण की रक्षा अभी नहीं की तो हमारा भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। Greater Noida News