ग्रेटर नोएडा की इस सोसाइटी में सात दिन से लिफ्ट ठप, बुजुर्ग परेशान
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 12:06 PM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ‘ला रेजिडेंशिया’ सोसायटी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां पिछले सात दिनों से एक 22 मंजिला टावर की दोनों लिफ्टें खराब पड़ी हैं। जिसके कारण यहां रहने वाले करीब 45 परिवारों को रोज सीढ़ियों से ऊपर-नीचे आना-जाना पड़ रहा है जिसमें बुजुर्ग, बीमार और छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
बिल्डर प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
निवासियों का आरोप है कि बिल्डर प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह संकट उत्पन्न हुआ है। टावर-29 में दो लिफ्टें लगी हुई हैं, लेकिन दोनों ही बिजली आपूर्ति की कमी के चलते बंद हैं। लिफ्टों के सुचारू संचालन के लिए 400 वॉट बिजली की जरूरत होती है जबकि बिल्डर केवल 300 वॉट की आपूर्ति कर रहा है। इस वजह से लिफ्टें लगातार खराब हो रही हैं।
बुजुर्गों और बीमारों की हालत खराब
सोसायटी में रहने वाले बुजुर्गों और बीमार लोगों को दवाइयों के लिए भी सीढ़ियों से आना-जाना पड़ रहा है। 22 मंजिलें चढ़ना किसी भी सामान्य व्यक्ति के लिए मुश्किल है और जब बात बुजुर्गों या मरीजों की हो, तो यह एक तरह की मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना बन जाती है। कई निवासियों ने बताया कि उन्हें घर में बंद रहने को मजबूर होना पड़ रहा है, क्योंकि रोजाना सीढ़ियां चढ़ना-उतरना उनकी सेहत के लिए जोखिम भरा है।
अब तक सिर्फ आश्वासन
निवासी सुमिल जलोटा ने बताया कि पिछले सात दिनों से लगातार बिल्डर प्रबंधन से शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। सोसायटी के इलेक्ट्रिसिटी इंचार्ज हेमेंद्र से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। यह स्थिति प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। क्या एक 22 मंजिला टावर में लिफ्टें बंद रहना सामान्य बात है? क्या बिल्डर को यह जिम्मेदारी नहीं लेनी चाहिए कि वह पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करे ताकि निवासियों को ऐसी परेशानियों से न जूझना पड़े?