International Women's Day: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ग्रेनो प्राधिकरण की खास पहल
भारत
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 01:43 AM
भारत
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 01:43 AM
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस(International Women's Day) पर प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा की लड़कियों को रोजगार देकर आत्मनिर्भर बनाने की खास मुहिम शुरू करने जा रहा है। प्राधिकरण लड़कियों को हुनरमंद बनाने के लिए दो निजी संस्थाओं के साथ मिलकर विशेष प्रशिक्षण प्रोग्राम चलाएगा। ट्रेनिंग के बाद उनको नौकरी दिलाने में भी मदद की जाएगी। इसके साथ ही आगामी 22 मार्च को कौशल प्रशिक्षण मेला भी आयोजित करने जा रहा है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण(Narendra Bhushan, CEO of Greater Noida Authority) ने आधार हाउसिंग फाइनेंस व वाई 4 डी संस्था के साथ बैठक की। आधार हाउसिंग फाइनेंस अपने सीएसआर (कार्पोरेट सोशल रेस्पोंसबिलिटी) फंड के जरिए विशेष प्रशिक्षण प्रोग्राम व कौशल प्रशिक्षण मेले का खर्च वहन करेगा। इसे ग्रेटर नोएडा आधार कौशल ट्रेनिंग प्रोग्राम नाम दिया गया है। इस ट्रेनिंग प्रोग्राम के जरिए पहले फेज में पांच बैच से करीब 250 लडि़कयों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका सेंटर एनआईएमटी कॉलेज में बनाया जाएगा। यह विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम दो माह का होगा। एक माह के लिए कैंपस ट्रेनिंग और एक माह कंपनियों में प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। आगामी अप्रैल माह से इसकी शुरुआत करने की तैयारी है। लड़कियों को इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों में मैनुअल इनसरसन (मैनुअल प्रविष्टि) में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान लड़कियों को हॉस्टल की भी सुविधा दी जाएगी। उसके बाद रोजगार दिलाने की भी कोशिश की जाएगी। यह पूरा ट्रेनिंग प्रोग्राम निशुल्क होगा। इसके लिए आधार हाउसिंग ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा की कई कंपनियों से टाइ-अप पहले ही कर रखा है। सीईओ नरेंद्र भूषण ने आधार हाउसिंग से लड़कियों के साथ ही स्थानीय युवाओं को भी रोजगार दिलाने के लिए विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाने को कहा है। इसके साथ ही प्राधिकरण ने आधार हाउसिंग व वाई 4 डी के साथ मिलकर 22 मार्च को ग्रेटर नोएडा आधार कौशल प्रशिक्षण मेला भी आयोजित कराने का निर्णय लिया है। बैठक में ओएसडी सचिन कुमार सिंह, जीएम प्रोजेक्ट एके अरोड़ा, डीजीएम सीके त्रिपाठी व प्रबंधक वैभव नागर और आधार हाउसिंग व वाई 4 डी संस्था के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
1170 युवाओं को दिलाया जा रहा प्रशिक्षण व रोजगार
प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण की कोशिशों से बीते साल एनएसडीसी (राष्ट्रीय कौशल विकास निगम) की तरफ से देश में सबसे पहले ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा वन स्थित ट्रेडिक्स टावर में शुरू किया गया था। इस प्रशिक्षण केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दूसरा केंद्र, गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल, मुबारकपुर में शुरू हुआ। इस सेंटर में टेलीकॉम सेक्टर में युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। तीसरा केंद्र नॉलेज पार्क थ्री में खोला गया। इस प्रशिक्षण केंद्र में ऑटोमोबाइल सेक्टर में छात्रों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है और अब चौथा केंद्र नोएडा आईटीआई , मेन रोड चिपियाना बुजुर्ग में शुरू हुआ । यहां इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में छात्रों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस तरह प्रस्तावित छह ट्रेनिंग सेंटरों में से अब तक चार केंद्र खोले जा चुके हैं। इन छह केंद्रों पर कुल 1170 युवाओं को रोजगार के लिए प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त अधिकांश युवाओं को रोजगार भी मिल चुके हैं। सीईओ ने आगामी वित्तीय वर्ष में और भी अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिलाकर रोजगार से दिलाने की बात कही है।