
ग्रेटर नोएडा लाइव। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में मकानों की रजिस्ट्री कराने के लिए लोगों को अब रजिस्ट्रार कार्यालय में घंटों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ग्रेटर नोएडा और दादरी क्षेत्र में दो सब रजिस्ट्रार कार्यालय खोलने की योजना प्रशासन द्वारा बनाई गई है। इन दो सब रजिस्ट्रार कार्यालय के शुरू होने के बाद वर्तमान में काम कर रहे रजिस्ट्री कार्यालयों में बैनामों का भार काम हो जाएगा और लोगों को अपने मकानों की रजिस्ट्री कराने में आसानी होगी। जिला प्रशासन ने दादरी तहसील और ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-2 स्थित दोनों सब रजिस्ट्रार कार्यालय के कार्य विभाजन की रिपोर्ट तैयार की है।
आपको बता दें कि वर्तमान में नोएडा में तीन और दादरी, ग्रेटर नोएडा व जेवर में एक-एक सब रजिस्ट्रार कार्यालय हैं। जहां पर रोजाना हजारों मकानों की रजिस्ट्री होती हैं। दादरी और ग्रेटर नोएडा के सब रजिस्ट्रार कार्यालय पर दस्तावेज पंजीकरण का काफी भार है। दादरी में रोजाना 200 से अधिक रजिस्ट्री और ग्रेटर नोएडा के सब रजिस्ट्रार कार्यालय में करीब 150 रजिस्ट्री प्रतिदिन होती है। रजिस्ट्री का भार अधिक होने के कारण लोगों को काफी लंबा इंतजार करना होता है। दोनों रजिस्ट्रार कार्यालयों पर सुबह से शाम तक भीड़ लगी रहती हैं।
मकान खरीदारों की समस्या को ध्यान में रखकर प्रशासन ने दादरी और सेक्टर गामा-दो स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय का विभाजन करने का फैसला लिया है। विभागीय अफसरों ने बताया कि दोनों रजिस्ट्रार कार्यालय के क्षेत्र का सर्वे कर विभाजन का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
दादरी रजिस्ट्रार कार्यालय पुरानी तहसील परिसर में बना हुआ है। जहां काफी भीड़ रहती है। तहसील और रजिस्ट्रार कार्यालय में आने वाले लोगों को पार्किंग की समस्या होती है। उधर जीटी रोड का जाम परेशान करता है। नए रजिस्ट्रार कार्यालय के लिए जमीन चिह्नित की जा रही है। हालांकि अधिवक्ताओं ने इसका विरोध किया है। वह पुराने परिसर में कार्यालय बनाने की मांग कर रहे हैं।