अब उड़ान भरने को तैयार जेवर एयरपोर्ट, जानें कब शुरू होंगी फ्लाइट्स?
भारत
चेतना मंच
17 Sep 2025 03:32 PM
एनसीआर को जल्द ही उसका दूसरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट मिलने जा रहा है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने बुधवार को बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का शुभारंभ 30 अक्टूबर 2025 को किया जाएगा। यह देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में से एक होगा। हिंडन एयरपोर्ट पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री नायडू ने कहा कि शुभारंभ के 45 दिनों के भीतर इस एयरपोर्ट से पहली उड़ानों की शुरुआत होगी जिसमें बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए सेवाएं पहले चरण में शुरू की जाएंगी। Jewar Airport
देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा जेवरवाई-फाई
इस मौके पर उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगले दो महीनों में देश के सभी एयरपोर्ट्स पर यात्रियों को मुफ्त वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी जिससे हवाई यात्रा का अनुभव और अधिक सुविधाजनक और डिजिटल होगा। जेवर में बन रहा यह एयरपोर्ट 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला है और इसे देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बताया जा रहा है। पहले चरण में एक रनवे के साथ संचालन की शुरुआत की जाएगी और शुरुआत में सालाना 50 लाख यात्रियों की क्षमता के हिसाब से एयरपोर्ट तैयार किया गया है।
एयरपोर्ट के शुभारंभ को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और निर्माणकर्ता कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रा. लि. बीते कई हफ्तों से तैयारियों में जुटे हुए हैं। मंगलवार को NIAL के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने एयरपोर्ट साइट का निरीक्षण किया था। उद्घाटन की तारीख तय होने के बाद बुधवार को भी उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस, प्रशासन और एयरपोर्ट कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे। हिंडन एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में जहां मंत्री ने यह बड़ी घोषणा की वहीं यात्रियों के लिए कई प्रतियोगिताएं और स्वागत कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस आयोजन ने जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर उत्साह और अधिक बढ़ा दिया है। Jewar Airport