संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में किसानों ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा में बाइक तिरंगा यात्रा निकाली।

Greater Noida News : संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में किसानों ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा में बाइक तिरंगा यात्रा निकाली। यमुना एक्सप्रेस-वे के जीरो प्वाइंट से शुरू हुई यात्रा परी चौक होते हुए यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण कार्यालय पहुंची। यहां किसानों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा।
भाकियू के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना के नेतृत्व में सैकड़ों किसान बाइकों पर तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान किसानों ने वंदे मातरम् के नारे लगाए। प्राधिकरण कार्यालय पहुंचने के बाद किसानों ने ओएसडी अभिषेक शाही को ज्ञापन सौंपकर लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की।
Greater Noida News
ज्ञापन सौंपने के बाद पवन खटाना ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान 18 अगस्त 2026 तक कर दिया जाता है तो किसान प्राधिकरण अधिकारियों का धन्यवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि तय समय तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो 24 अगस्त 2026 को यमुना प्राधिकरण पर विशाल महापंचायत की जाएगी। किसानों ने ज्ञापन में 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर का भुगतान, आबादी, लीजबैक और शिफ्टिंग के लंबित मामलों का निस्तारण तथा 10 प्रतिशत विकसित आवासीय भूखंड की नीति लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई।
Greater Noida News
किसानों ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, युवाओं को रोजगार, न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी और किसानों की कर्जमाफी की मांग भी रखी। भाकियू जिला मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने कहा कि तिरंगा यात्रा के जरिए किसानों ने सरकार तक अपनी मांगें शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से पहुंचाई हैं।
किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इसके लिए गांव-गांव जाकर किसानों को आंदोलन से जोड़ने की बात भी कही गई।
विज्ञापन