
Greater Noida News (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के दादरी में इलाके को लेकर किन्नरों के दो समूह आमने-सामने आ गए हैं। किन्नरों के दोनों समूहों में जबरदस्त महाभारत छिड़ गया। किन्नर समूह की मुखिया ने चार लोगों के खिलाफ मारपीट गाली गलौज करने सहित विभिन्न धाराओं में थाना दादरी में मुकदमा दर्ज कराया है। किन्नरों की मुखिया ने आरोपियों से अपनी तथा अपने चेलों की जान के खतरे की भी आशंका जताई है।
दादरी में रहने वाली गुड्डी किन्नर ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह एक गद्दी नशीन किन्नर है तथा अपनी पोती चेली कशिश के साथ रेलवे रोड पर रह रही है। बीते दिनों गुड्डी और कशिश के साथ हमीद उर्फ हीना इलियास, कारी साजिद फारूक निवासी दौलत राम मार्केट अंबेडकरनगर ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने धमकी दी कि वह उसके गुरु गुड्डी, पुष्पा, रामवती, गीता, रंजीत को भी मौका मिलने पर जान से मार देंगे।
गुड्डी किन्नर ने बताया कि हामिद उर्फ हीना किन्नर लिंग परिवर्तन कराकर किन्नर बनी है। हामिद उर्फ हीना किन्नर अपने बदमाश साथियों के साथ अवैध रूप से उसके इलाके में लोगों से बधाई वसूलते हैं। बीते 28 सितंबर को उन्होंने कोट गांव के पास उसे अवैध रूप से बधाई मांगते हुए पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। कई बार हीना किन्नर को अपने क्षेत्र में बधाई मांगने से मना किया गया, लेकिन इसके बावजूद वह लोगों से जबरन बधाई वसूलने का काम कर रही है।
गुड्डी किन्नर के मुताबिक हीना किन्नर के साथ बदमाश किस्म के व्यक्ति रहते हैं। यह लोग आम लोगों से बधाई के नाम पर जबरन वसूली करते हैं। साथ ही असली किन्नरों को भी डराने धमकाने का काम करते हैं। पूर्व में भी कई बार पुलिस से इनकी शिकायत की जा चुकी है लेकिन आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रेटर नोएडा के गांव पटवारी में दबंग ने एक दलित व्यक्ति के साथ गाली गलौज करते हुए जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। आरोपी ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। ग्राम पटवारी निवासी नरेश कुमार ने थाना बिसरख में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि बीते 19 अगस्त को उसके मोबाइल फोन पर गांव के ही प्रमोद कुमार यादव ने कॉल की। फोन उठाते ही प्रमोद यादव ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया।
बीते 6 सितंबर को प्रमोद यादव ने उसे घर के पास रोक लिया और गाली गलौज करते हुए जाति सूचक शब्द कहे। नरेश कुमार के मुताबिक प्रमोद आए दिन उसके साथ गाली गलौज और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करता है। इस संबंध में कई बार पूर्व में भी थाना बिसरख पुलिस से उसने शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।