
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को संभावनाओं वाला प्रदेश बताते हुए निवेशकों को आमंत्रित किया है। उन्होंने MotoGP Bharat में हिस्सा लेने आई विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश न केवल मोटो जीपी जैसे ईवेंट के लिए एक बड़ा मार्केट है, बल्कि यहां भारत की सबसे यंग जेनरेशन भी है, जो निवेशकों के लिए बेहतरीन अवसर होगा।
वे रविवार को ग्रेटर नोएडा के बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में आयोजित हो रहे मोटो जीपी भारत में हिस्सा लेने आए विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बिजनेस कॉन्क्लेव के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने विश्वास जताया कि निवेशकों द्वारा किए जाने वाले किसी भी निवेश के लिए उत्तर प्रदेश सरकार हर प्रकार की सुरक्षा और सुविधा प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने MotoGP Bharat पहुंचे हर फील्ड में निवेश करने को इच्छुक स्टेक होल्डर्स, ओर्गेनाइजर्स एवं अन्य लोगों को उत्तर प्रदेश में मौजूद संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में इन्फ्रास्ट्रक्चर, रोड कनेक्टिविटी, मेट्रो सेक्टर, एयर कनेक्टिविटी, वाटरवेज और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के अंदर इन्वेस्टमेंट के एक बेहतरीन डेस्टिनेशन के रूप में आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश में भारत की सबसे यंग जेनरेशन भी है, जो निवेशकों के लिए अपने निवेश को आगे बढ़ाने का एक बेहतरीन अवसर है।
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में MotoGP Bharat का आयोजन हम सबके लिए उत्साहवर्द्धक है। उत्तर प्रदेश भारत का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है। यह भारत की सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। इसकी कुल आबादी का 56 प्रतिशत वर्किंग एज ग्रुप होने के कारण यह भारत का सबसे युवा राज्य भी है। इसलिए यूपी में स्पोर्ट्स सेक्टर को न केवल विकसित करने की संभावनाएं हैं, बल्कि प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार इस सेक्टर पर विशेष फोकस करते हुए इस प्रकार के ईवेंट को आयोजित करने के हर संभव प्रयास कर रही है।
उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता जताई कि अब तक मोटो जीपी 2023 के लिए लगभग एक लाख से अधिक टिकटों की बिक्री हो चुकी है। MotoGP Race का आयोजन वैश्विक ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए आकर्षण का एक केंद्र है। इस आयोजन से प्रदेश में और भारत में ऑटोमोबाइल सेक्टर में निवेश के लिए आकर्षण में वृद्धि की जो संभावनाएं हैं, उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी। बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट को प्रदेश सरकार ने 2011 में विकसित किया था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस क्षेत्र में MotoGP Bharat का यह ईवेंट आयोजित हो रहा है, वहीं भारत के दो महत्वपूर्ण फ्रेट कॉरिडोर (ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर) का जंक्शन है। यहां पर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के साथ ही लॉजिस्टिक और ट्रांसपोर्ट हब के लिए भी कार्यक्रमों को तेजी से आगे बढ़ाने का कार्य हुआ है। इस क्षेत्र में ही प्रदेश सरकार ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल के साथ मिलकर एक इंटरनेशनल एयरपोर्ट (नोएडा इंटरनेशनल) का निर्माण युद्धस्तर पर कर रही है।
CM योगी ने बताया कि प्रदेश के अंदर ही अन्य क्षेत्रों में भी एयर कनेक्टिविटी को बेहतर किया गया है। वाराणसी-हल्दिया के बीच इनलैंड वाटरवेज प्रारंभ हो चुका है, जो प्रदेश के पूर्वी बंदरगाह के साथ बेहतर कनेक्टिवटी को आगे बढ़ा रहा है। प्रदेश के अंदर औद्योगिक अवस्थापना के विकास के लिए अटल इंडस्ट्रीयल इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन का शुभारंभ पहले ही हो चुका है और पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान में प्रदेश के अंदर औद्योगिक और इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश के लिए एक नया इकोसिस्टम तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान में उत्तर प्रदेश देश के अंदर कार्य करने वाले अग्रणी राज्यों में से एक है।
MotoGP Bharat में आए निवेशकों को मुख्यमंत्री ने प्रदेश में निवेश के लिए उपयुक्त माहौल बनाने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंदर आज निवेश की बेहतर संभावनाएं बढ़ी हैं। निवेश की इन बेहतर संभावनाओं के लिए प्रदेश को अनेक सुधार करने पड़े थे। सुरक्षा का एक बेहतर वातावरण देना पड़ा था। प्रदेश के अंदर ईज ऑफ डूईंग की सफलतम रैंकिंग के बाद आज प्रदेश ने टेक्नोलॉजी का उपयोग करते हुए जिन कार्यक्रमों का आगे बढ़ाया है, उसी का परिणाम है कि आज निवेशकों के किसी भी एमओयू को प्रदेश सरकार निवेश सारथी के माध्यम से मॉनीटरिंग कर रही है और उसके क्रियान्वयन को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाती है।
उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो की व्यवस्था हर निवेशक को उपलब्ध कराई जा रही है। निवेश मित्र देश के अंदर सबसे बड़ा पोर्टल है। यह 400 से अधिक सेवाओं को एक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने का काम करता है, जहां तेजी के साथ निवेशकों की समस्याओं का समाधान होता है। निवेश करने वाले हर निवेशक के लिए ऑनलाइन इंसेंटिव पोर्टल का विकास करके यह व्यवस्था की गई है कि इंसेंटिव्स के लिए निवेशक को कहीं भटकना न पड़े। अलग-अलग सेक्टर की 25 सेक्टोरल पॉलिसीज बना कर उन्हें प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। प्रदेश सरकार ने फरवरी 2023 में लखनऊ में पहले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया था। इसमें दुनिया के एक दर्जन से अधिक देशों ने पार्टनर कंट्री के रूप में अपना योगदान दिया था। इस आयोजन के माध्यम से 36 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने MotoGP Bharat का जिक्र करते हुए प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार के प्रयासों का उल्लेख भी किया। उन्होंने कहा कि शनिवार को उत्तर प्रदेश और भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विख्यात वाराणसी में भारत के प्रधानमंत्री ने एक इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखी है। उत्तर प्रदेश केंद्र सरकार के साथ मिलकर अनेक ऐसे आयोजन कर रहा है, जिसमें हर जिले में एक स्टेडियम का निर्माण करना, विकासखंड स्तर पर एक मिनी स्टेडियम का निर्माण करना, हर ग्राम पंचायत में खेल के मैदान को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग करना, हर ग्राम पंचायत में ओपन जिम विकसित करना शामिल है।
सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में महिलाओं और युवकों के बीच में खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए हर ग्राम पंचायत में युवक मंगल दल और महिला मंगल दल गठित किए गए हैं। उन्हें स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराने के कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसके बेहतरीन परिणाम देखने को मिल रहे हैं।
Greater Noida : CM योगी आदित्यनाथ ने लिया रफ्तार और रोमांच का मजा
देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें।
ग्रेटर नोएडा– नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।