
Noida News/ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। जानलेवा हमले के आरोप में वांछित चल रहे एक आरोपी को थाना सूरजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस 3 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर कैलाशपुर गांव निवासी अटलू उर्फ करण पुत्र प्रकाश सिंह को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गत 19 अप्रैल को कैलाशपुर रेलवे फाटक के पास डेरी स्केनर गांव निवासी अनिल व नवीन को घेर लिया था। आरोपियों ने लाठी-डंडों व रॉड से दोनों भाइयों की जमकर पिटाई की थी। दोनों को मरणासन्न अवस्था में छोडक़र आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
इस संबंध में घायलों के चचेरे भाई सतीश ने अटलू उर्फ करण सहित छह लोगों के खिलाफ मारपीट कर जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। इस संबंध में तीन आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। फरार दो अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।