
Noida News (चेतना मंच)। दिल्ली से नोएडा के डीएलएफ मॉल में शॉपिंग के लिए आई एक महिला की गायब हुई डायमंड रिंग को थाना सेक्टर 20 पुलिस ने खोज कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। करीब 5 लाख रुपए कीमत की डायमंड रिंग मिलने पर परिजनों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट का आभार व्यक्त किया है।
एसीपी प्रथम रजनीश वर्मा ने बताया कि रविवार को दिल्ली के नवीन शाहदरा निवासी एक महिला शॉपिंग के लिए डीएलएफ मॉल आई थी। शॉपिंग के दौरान वह अपने बच्चे का डायपर बदलने के लिए वॉशरूम गई थी। डायपर बदलने के बाद हाथ धोते समय महिला ने अपनी डायमंड रिंग अंगुली से निकालकर सिंक के पास रख दी। इसके बाद महिला अपने बच्चे को लेकर वॉशरूम से बाहर निकल गई। कुछ समय बाद महिला को याद आया कि वह अपनी डायमंड रिंग वॉशरूम में ही भूल आई है। वॉशरूम पहुंचने पर उसे रिंग नहीं मिली। महिला ने डायल 112 पर रिंग गायब होने की सूचना दी।
एसीपी ने बताया कि सूचना मिलने पर डीएलएफ चौकी प्रभारी सुभाष व अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरो को चेक किया। इस दौरान पुलिस को सीसीटीवी से अहम सुराग हाथ लगे। सीसीटीवी से पता चला कि इस दौरान वॉशरूम में गई एक महिला के पास उक्त रिंग है। जिसके बाद उक्त महिला को ट्रेस कर रिंग को बरामद किया गया।
रिंग बरामद होने के पश्चात पश्चात महिला व उनके परिजनों को बुलाकर रिंग को उनके हवाले किया गया। एसीपी ने बताया कि उक्त डायमंड रिंग में करीब 70 से अधिक डायमंड जड़े हुए थे और उसकी कीमत करीब 5 लाख रुपए के आसपास है। एसीपी ने तत्परता दिखा कर रिंग तलाशने वाले उप निरीक्षक सुभाष तथा अन्य पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।