
Noida News : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। पूर्व सहपाठी फर्जी तरीके से बनाए गए शादी के कागजात व अश्लील फोटो को सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल कर रहा है। आरोपी युवती पर घर से सारी ज्वैलरी तथा 5 लाख रुपये लाने का दबाव बना रहा है। सहपाठी की इस हरकत से तंग आकर युवती ने थाना फेस-2 में मुकदमा दर्ज कराया है।
याकूबपुर गांव में रहने वाली ज्योति ने बताया कि कि गत 24 मार्च को उसका पूर्व सहपाठी अंकित निवासी अमीनाबाद उर्फ न्याना उसे सरकारी नौकरी का फार्म भरवाने के बहाने बहला-फुसलाकर अपने साथ ओला कार में ले आया। रास्ते में उसने उसकी मार्कशीट, आधार कार्ड, पैन कार्ड लेकर अपने पास रख लिए।
इस दौरान अंकित ने उसे कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीली चीज मिलाकर पिला दी। जिससे वह बेहोशी की अवस्था हो गई। इसके बाद वह उसे घर के पास छोड़कर चला गया। पीड़िता का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से अंकित उस पर घर से ज्वेलरी तथा 5 लाख रूपये लाने का दबाव डाल रहा है। ऐसा ना करने पर वह फर्जी रूप से तैयार कराए गए शादी के कागजात व अश्लील फोटो को सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी दे रहा है।
अंकित की इस हरकत की जानकारी युवती ने अपने परिजनों को दी जिस पर परिजनों ने छानबीन की तो पता चला कि अंकित ने अपने साथी मोहित एवं कविता शर्मा को सुनियोजित योजना के तहत फर्जी रूप से गवाह दर्शाते हुए शादी के फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिए हैं। Noida News