नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं।

नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 09 नवंबर को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “नोएडा में दो बड़े डॉग शेल्टर व 1500 फीडिंग प्वॉइंट बनेंगे” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद नोएडा प्राधिकरण ने सार्वजनिक स्थानों से लावारिस कुत्तों को हटाने की कवायद तेज कर दी है। सोमवार को बैठक कर तैयारी शुरू करेगा। लावारिस कुत्तों के बीमार और हिंसक होने की दशा में रखने के लिए एक-एक हजार की क्षमता वाले दो बड़े डॉग शेल्टर होम बनाएगा। इसके लिए सेक्टर-123 में जगह चिह्नित कर ली है। सेक्टरों और सोसाइटियों में करीब 1500 डॉग फीडिंग प्वॉइंट भी बनाए जाएंगे। शहर में 50 हजार से अधिक लावारिस कुत्तों के होने का अनुमान है। इनमें से 750 डॉग फीडिंग प्वॉइंट बनाने का टेंडर प्राधिकरण ने जारी कर दिया है। डॉग शेल्टर के मामले में अधिकारियों का कहना है कि इनमें शहर में अलग-अलग जगहों से हटाए जाने वाले कुत्तों को रखा जाएगा। खासकर उन लावारिस कुत्तों को रखा जाएगा जिनके व्यवहार में बदलाव आ जाता है या वह हिंसक हो जाते हैं। शेल्टर होम में इनका स्ट्रेलाइजेशन कराया जाएगा। अभी घायल कुत्तों का इलाज और स्ट्रलाइजेशन सेक्टर-94 एनिमल शेल्टर होम में किया जाता है। सेक्टर-34 और 135 शेल्टर में हिंसक और रैबीज वाले कुत्तों का इलाज किया जाता है। दोनों शेल्टर होम की क्षमता 25-25 कुत्तों की है। सेक्टर-50 और 93 बी में डॉग शेल्टर शुरू करने की तैयारी है।
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “टैक्स नहीं देने वाले 50 हजार से अधिक वाहन मालिकों को नोटिस, 45 पकड़े” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि नोएडा के परिवहन विभाग ने 50 हजार से अधिक रोड टैक्स बकायेदार वाहन मालिकों को नोटिस भेजे हैं। इसमें कई बड़े बकाएदार शामिल हैं। एआरटीओ प्रशासन नंदकुमार ने बताया कि कुछ वाहन मालिकों ने नोटिस मिलने के बाद टैक्स जमा करने के लिए संपर्क किया है। वहीं बीते एक हफ्ते में परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने बिना रोड टैक्स जमा किए दौड़ते 45 से अधिक वाहन पकड़े हैं। अधिकारियों के अनुसार टैक्स और जुर्माना जमा करने के बाद ही वाहन छोड़े जाएंगे। यदि टैक्स और जुर्माना नहीं जमा करते हैं तो वाहनों की नीलामी कर राजस्व की वसूली की जाएगी।
अमर उजाला ने 09 नवंबर 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “यमुना प्राधिकरण एक महीने में उपलब्ध कराएगा औद्योगिक भूखंडों का लीज प्लान” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि पांच औद्योगिक पार्क में आवंटित्त भूखंड पर कब्जा देने के लिए बचे लीज प्लान को एक महीने में यमुना प्राधिकरण तैयार करेगा। बोर्ड का आदेश है कि लीज प्लान तैयार कर लीज डीड की प्रक्रिया पूरी कराए ताकि आवंटी नक्शा स्वीकृत कराकर निर्माण शुरू कर सके। करीब 209 भूखंड ऐसे हैं जिनके लीज प्लान प्राधिकरण को अभी तैयार करने हैं। अधिकारियों का कहना है कि जमीनों के विवादों का निस्तारण किया जा रहा है। इसके बाद भूखंड कब्जा देने के लिए तैयार होंगे। लीज प्लान बनते ही चेक लिस्ट जारी की जाएगी। इसके बाद लीज डीड की प्रक्रिया पूरी होगी।
बोर्ड को अधिकारियों ने बताया कि अभी तक पांच औद्योगिक पार्क अपैरल पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क और हैंडीक्राफ्ट पार्क में 1078 भूखंड आवंटित हुए हैं। इनमें से 869 के लीज प्लान जारी हो चुके हैं। अधिकतर की चेकलिस्ट भी जारी हो चुकी है। बोर्ड के चेयरमैन आलोक कुमार का कहना है कि कब्जा लेने के बाद वहां उद्योग भी तेजी से शुरू होने चाहिए। इस पर सीईओ राकेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि सभी आवंटियों से उनका एक्शन प्लान मांगा गया है। इससे तय हो सकेगा कि वे कब तक भूखंड को क्रियाशील बनाएंगे। सभी औद्योगिक पार्क के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी भी तय कर दिए गए हैं जिससे नियमित समीक्षा इसकी हो सके। इनके नोडल अधिकारी का काम उद्योग शुरू करने में आ रही बाधाओं को दूर कराना भी होगा। बोर्ड का आदेश है कि जहां एक्शन प्लान को प्राथमिकता पर लागू कराया जाए। वहीं, प्राधिकरण के परियोजना विभाग को पत्र भेजकर एक महीने में इन्हें तैयार कराएं। जहां जमीन की उपलब्धता की दिक्कत से बचे हुए भूखंड आवंटित नहीं किए जा रहे हैं। उनको भी प्राथमिकता पर निस्तारित कर आवंटन के लिए योजना लाई जाए। अभी मेडिकल डिवाइस पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, टॉय पार्क में भूखंड की योजना लाई जा सकती है। इससे इच्छुक उद्यमियों को भूखंड यहां मिल सकेंगे। इससे 125 से अधिक औद्योगिक भूखंड की योजना लांच जल्दी ही की जा सकती है।
समाचार दैनिक जागरण से
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 09 नवंबर 2025 का प्रमुख समाचार “सांस, अस्थमा की दवाओं, मास्क और इन्हेलर की मांग 40% बढ़ी” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि शहर की हवा सेहत के लिए दुरुस्त नहीं है। ऐसे में आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी, हल्का जुकाम, सांस और अस्थमा के मरीज बढ़ गए हैं। यही वजह है कि इन बीमारियों की दवाओं की मांग में 30 से 40 फीसदी बढ़ गई है। प्रदूषण से बचाव के लिए एन95 मास्क और इन्हेलर की भी डिमांड भी है। आंखों में जलन के लिए लोग आई ड्रॉप खरीद रहे हैं।
जिला केमिस्ट एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष अनूप खन्ना ने बताया कि 30 से 40 फीसदी दवाओं की मांग बढ़ गई है। इसके साथ ही 25 फीसदी आंखों के ड्रॉप, 35 फीसदी न्यूबेलाइजर और इन्हेलर की मांग बढ़ी है। सबसे ज्यादा एन95 मास्क बिक रहे हैं। जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. प्रदीप शैलत ने बताया कि बढ़ते प्रदूषण से सांस की समस्या के मरीज लगातार आ रहे हैं। ऐसे में मरीजों का चेस्ट एक्सरे किया जा रहा है। ऐसे लोगों की संख्या भी बढ़ गई है।
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में प्रमुख समाचार “फैक्ट्रीकर्मी युवती की बस की चपेट में आकर मौत” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि नोएडा सेक्टर 142 थाना क्षेत्र के क्रासा चौराहे के पास शनिवार सुबह मां के साथ फैक्ट्री जा रही युवती बस की चपेट में आ गई। अस्पताल में युवती की मौत हो गई। आरोपित चालक मौके पर बस छोड़ कर भाग गया। थाना पुलिस ने स्वजन की शिकायत पर अज्ञात चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया। बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा इंकोटेक थर्ड स्थित सरस्वती एन्क्लेव की 19 वर्षीय सुजाता एक फैक्ट्री में काम करती थीं। वह शनिवार सुबह मां के साथ पैदल ही ड्यूटी करने जा रही थीं। सेक्टर 142 थाना क्षेत्र स्थित क्रासा चौराहे के पास पहुंची तो पीछे से एक बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सुजाता सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से मां ने बेटी को नजदीक के अस्पताल पहुंचाया। वहां पर उपचार के दौरान सुजाता की मौत हो गई। थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया। मृतका के भाई अरविंद की शिकायत पर अज्ञात चालक पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपित की तलाश की जा रही है।