नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अपराध की घटनाएं लगातार जारी हैं। चेतना मंच आपके लिए लाता है दिनभर की महत्वपूर्ण क्राइम खबरों का संक्षिप्त बुलेटिन। हादसे, चोरी, हत्या और अन्य घटनाओं की सच्ची जानकारी एक जगह।

Noida-Greater Noida Crime Update: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अपराध की घटनाएं लगातार जारी हैं। चेतना मंच आपके लिए लाता है दिनभर की महत्वपूर्ण क्राइम खबरों का संक्षिप्त बुलेटिन। हादसे, चोरी, हत्या और अन्य घटनाओं की सच्ची जानकारी एक जगह: -
हॉर्न बजाने पर युवक की गोली मारकर हत्या
गाजियाबाद (ब्यूरो)। गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की रतिराम कॉलोनी में रविवार रात हॉर्न बजाकर हटने को कहने पर 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने युवक पर तमंचे से दो गोलियां चलाईं। जीटीबी अस्पताल (दिल्ली) में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान विपिन पुत्र सूरज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विपिन बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में सोनू पुत्र ब्रह्मपाल नाम का युवक खड़ा था। रास्ता खाली कराने के लिए विपिन ने हॉर्न बजाया, जिससे दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढऩे पर सोनू ने अवैध तमंचा निकालकर विपिन पर कई गोलियां चला दीं।
गोली लगने के बाद विपिन गंभीर रूप से घायल होकर सडक़ पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां जीटीबी अस्पताल (दिल्ली) में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू, उसके पिता और उसकी पत्नी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपी घटना के बाद से फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
लोनी बॉर्डर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रास्ते में रोककर युवक से मारपीट
नोएडा (चेतना मंच)। थाना रबूपुरा क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी एक युवक ने दो सगे भाइयों पर रास्ते में रोककर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीडि़त ने थाना रबूपुरा में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गई शिकायत में मिर्जापुर गांव निवासी पवन कुमार ने बताया कि 3 जुलाई को वह अपने साथी अशोक कुमार और भूपेंद्र के साथ निजी कार्य से ग्राम रामपुर बांगर गया था। लौटते समय रास्ते में कलुआ और उसका भाई बंटी, निवासी रामपुर बांगर, ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि दोनों भाइयों ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। पीडि़त के अनुसार, जाते-जाते आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पीडि़त का कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और क्षेत्र में अक्सर लोगों के साथ मारपीट करते रहते हैं। घटना के बाद उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा गार्ड पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना रबूपुरा क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात युवक को फोन कर बहाने से बुलाकर उसके साथ लाठी-डंडों, घूंसों और धारदार हथियार से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीडि़त ने चार लोगों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम मुरादगढ़ी निवासी पिंटू भाटी ने बताया कि वह 7 जुलाई की रात सेक्टर-32 स्थित एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी कर रहा था। रात करीब 9:15 बजे मुरादगढ़ी निवासी बंटी उर्फ मलिंगा का फोन आया, जिसने जरूरी काम होने की बात कहकर उसे सेक्टर-32 स्थित कंपनी के पीछे बुलाया।
पीडि़त का आरोप है कि जैसे ही वह बताए गए स्थान पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद बंटी उर्फ मलिंगा, बबलू, अक्षय उर्फ अक्की और प्रशांत ने बिना किसी बात के उस पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों, लात-घूंसों और धारदार हथियार से उसकी पिटाई की तथा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
हमले में उसे आंख, पीठ और सीने पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद उसने थाना रबूपुरा पहुंचकर चारों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पति और उसके दोस्तों पर महिला ने लगाया मारपीट का आरोप
नोएडा (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में एक महिला सुरक्षा गार्ड के साथ उसके पति और दो अन्य लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में खुशबू झा, निवासी सेक्टर-45 सदरपुर, ने बताया कि वह एक निजी स्कूल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। 12 जुलाई की दोपहर करीब 3 बजे उसके पति चुन्नू झा ने अपने दो साथियों राघव मिश्रा और विकास झा के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीडि़ता का आरोप है कि हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी, जिसके चलते टांके लगाने पड़े। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। पीडि़ता के मुताबिक, पति व उसके दोस्तों ने उसे तथा उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद उसने तत्काल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। इसके बाद उसने थाना सेक्टर-39 में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार का शीशा तोडक़र लैपटॉप और नकदी चोरी
नोएडा (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-24 क्षेत्र में ईस्कॉन मंदिर के बाहर चोरों ने एक कार का शीशा तोडक़र लैपटॉप, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-78 स्थित हाइड पार्क सोसाइटी निवासी नकुल धमीजा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह 12 जून की शाम अपनी होंडा अमेज कार से ईस्कॉन मंदिर पहुंचे थे। सामान लेने के लिए वह मंदिर के बाहर कार पार्क कर मंदिर परिसर में चले गए।
करीब 15 मिनट बाद लौटने पर उन्होंने देखा कि उनकी कार का शीशा टूटा हुआ था। कार के अंदर रखा बैग गायब था। बैग में लैपटॉप, 2,000 रुपये नकद, क्रेडिट और डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।
पुलिस ने पीडि़त की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान का प्रयास कर रही है।
हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। यमुना एक्सप्रेसवे पर सडक़ हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के करीब दो सप्ताह बाद पीडि़त परिवार की शिकायत पर जेवर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अलीगढ़ के थाना टप्पल क्षेत्र के गांव कोटवाला निवासी खेमचंद ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 28 जून की दोपहर करीब 12:30 बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर खुर्जा पुल के पास तेज रफ्तार वाहन चालक ने उनके पुत्र रविन्द्र को टक्कर मार दी।
हादसे में रविन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल कैलाश अस्पताल, जेवर में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान 12 जुलाई को उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता ने पुलिस से दुर्घटना के जिम्मेदार अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
विज्ञापन