नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच आवाजाही को आसान बनाने के लिए तैयार किया जा रहा नया लिंक रोड अगले महीने होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो से पहले वाहनों के लिए खोलने की तैयारी है। यह मार्ग ग्रेटर नोएडा के एलजी गोलचक्कर को नोएडा के सेक्टर-146 और 147 से सीधे जोड़ेगा।

Greater Noida News : नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच आवाजाही को आसान बनाने के लिए तैयार किया जा रहा नया लिंक रोड अगले महीने होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो से पहले वाहनों के लिए खोलने की तैयारी है। यह मार्ग ग्रेटर नोएडा के एलजी गोलचक्कर को नोएडा के सेक्टर-146 और 147 से सीधे जोड़ेगा। अधिकारियों के मुताबिक, सड़क शुरू होने के बाद मौजूदा प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होने के साथ परी चौक और सूरजपुर घंटाघर चौक पर लगने वाले जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल परियोजना के अंतिम चरण में दो प्रमुख काम चुनौती बने हुए हैं। इनमें हिंडन के बांध पर सड़क का निर्माण और रास्ते में पड़ रही हाईटेंशन बिजली लाइन को ऊंचा करना शामिल है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने दोनों कामों को जल्द पूरा कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। Greater Noida News
आगामी यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के नोएडा और ग्रेटर नोएडा पहुंचने की संभावना है। अधिकारियों के अनुमान के मुताबिक, आयोजन में 50 हजार से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं। विदेशी प्रतिनिधियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी तैयारी की जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण के परियोजना विभाग ने 25 सितंबर से पहले नए लिंक रोड को यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य तय किया है। हिंडन नदी पर पुल का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि नोएडा क्षेत्र में सड़क का काम भी पूरा किया जा चुका है। Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा की तरफ पुल को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए करीब 200 मीटर लंबा हिस्सा तैयार किया जा रहा है। इसमें लगभग 25 मीटर सड़क हिंडन के बांध पर बनाई जानी है। इसके लिए सिंचाई विभाग से अनुमति लेने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रस्तावित हिस्से का सर्वे पहले ही किया जा चुका है। इसके अलावा सड़क के रास्ते में आने वाली हाईटेंशन लाइन को भी बांध के पास निर्धारित ऊंचाई तक शिफ्ट या ऊंचा किया जाना है। इसके लिए उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीटीसीएल) को आवश्यक धनराशि जारी की जा चुकी है। Greater Noida News
परियोजना के तहत हिंडन पुस्ते के दूसरी ओर करीब 700 मीटर लंबी सड़क विकसित की जानी है। यह मार्ग सीधे हिंडन पर बने नए पुल से जुड़ेगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इस पूरी परियोजना पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। वर्तमान में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच आने-जाने के लिए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे प्रमुख मार्ग है। इसके अलावा डीएससी रोड और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की तरफ पर्थला मार्ग का भी बड़ी संख्या में वाहन इस्तेमाल करते हैं। इन रास्तों पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक के कारण कई हिस्सों में जाम की स्थिति बनती रहती है। नए लिंक रोड के शुरू होने के बाद एलजी गोलचक्कर से नोएडा की ओर आने-जाने के लिए एक वैकल्पिक सीधा मार्ग उपलब्ध होगा। इससे मौजूदा सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा के सीईओ रवि कुमार एनजी ने कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सुगम यातायात के लिए यह नया मार्ग विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो से पहले सड़क का काम पूरा कर इसे वाहनों के लिए खोलने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना पूरी होने के बाद परी चौक और सूरजपुर घंटाघर चौक जैसे व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक का दबाव घट सकता है। साथ ही एलजी गोलचक्कर और नोएडा के बीच सीधा कनेक्शन मिलने से दोनों शहरों के बीच आवागमन का एक नया विकल्प भी उपलब्ध होगा। Greater Noida News
विज्ञापन