यदि आप आज नोएडा या ग्रेटर नोएडा में कहीं जाने की तैयारी कर रहे हैं तो घर से निकलने से पहले यह खबर जरूर पढ़ लें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ग्रेटर नोएडा दौरे और गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को लेकर गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है।

Greater Noida News : यदि आप आज नोएडा या ग्रेटर नोएडा में कहीं जाने की तैयारी कर रहे हैं तो घर से निकलने से पहले यह खबर जरूर पढ़ लें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ग्रेटर नोएडा दौरे और गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को लेकर गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। यह व्यवस्था 20 सितंबर को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगी। यातायात पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, परीचौक, जीरो प्वाइंट, डीएनडी, कालिंदी कुंज, सेक्टर-37, सेक्टर-93, कुलेसरा और सूरजपुर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को आज विशेष सावधानी बरतनी होगी। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि यात्रा बेहद जरूरी नहीं है तो इस दौरान अनावश्यक रूप से घर से निकलने से बचें। जरूरी यात्रा होने पर वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें। Greater Noida News
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भारी मालवाहक वाहन (HGV), मध्यम मालवाहक वाहन (MGV) और हल्के मालवाहक वाहन (LGV) को निर्धारित अवधि में एक्सप्रेसवे की ओर जाने से रोका जाएगा। हालांकि दूध, फल-सब्जी तथा आवश्यक चिकित्सकीय सामग्री लेकर चलने वाले वाहनों को इस व्यवस्था से छूट दी गई है। Greater Noida News
नोएडा से परीचौक और जीरो प्वाइंट की ओर जाने वाले वाहन चालकों को आज एक्सप्रेसवे पर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यातायात पुलिस ने ऐसे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। चिल्ला रेड लाइट/महामाया फ्लाईओवर की ओर से परीचौक की तरफ जाने वाले यातायात को आवश्यकतानुसार डीएनडी फ्लाईओवर के बजाय रजनीगंधा चौक, सेक्टर-18 अंडरपास, भंगेल एलिवेटेड मार्ग और कुलेसरा-सूरजपुर की ओर भेजा जाएगा।
इसी तरह डीएनडी टोल और फिल्म सिटी की ओर से आने वाले वाहनों को फिल्म सिटी फ्लाईओवर के रास्ते सेक्टर-18 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। Greater Noida News
कालिंदी कुंज और सेक्टर-37 की ओर से परीचौक जाने वाले वाहनों को सेक्टर-44 गोलचक्कर, डबल सर्विस रोड, हाजीपुर, सेक्टर-93 और एल्डिको चौक होते हुए कुलेसरा-सूरजपुर की ओर भेजा जाएगा। वहीं हाजीपुर और सेक्टर-82 की ओर से परीचौक जाने वाले वाहनों को सेक्टर-93 कट से डायवर्ट कर वैकल्पिक मार्गों से आगे भेजा जाएगा। Greater Noida News
परीचौक से नोएडा की ओर आने वाले वाहन चालकों के लिए भी आज सामान्य रूट उपलब्ध नहीं रहेगा। ऐसे यातायात को सूरजपुर तिराहा, सूरजपुर चौक, कुलेसरा, फेस-2 और भंगेल एलिवेटेड मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे से जीरो प्वाइंट उतरकर नोएडा आने वाले वाहनों को भी आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। Greater Noida News
हिंडन कट तथा सेक्टर-151/152 की ओर से आने वाले वाहनों को सेक्टर-132, जेनिसिस ग्लोबल स्कूल गोलचक्कर, डबल सर्विस रोड और सेक्टर-128 गोलचक्कर होते हुए आगे भेजने की व्यवस्था की गई है। इसके बाद वाहन हाजीपुर चौक और विश्वकर्मा मार्ग के रास्ते सेक्टर-98, 100 और 104 की ओर जा सकेंगे। सेक्टर-168/132 की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी सेक्टर-128 से डबल सर्विस रोड और हाजीपुर चौक की ओर जाने का वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। Greater Noida News
यमुना एक्सप्रेसवे से आने वाले भारी वाहनों को जेवर टोल से पहले बने यू-टर्न से डायवर्ट कर आगरा की ओर भेजा जाएगा। आगरा की ओर से ग्रेटर नोएडा आने वाले यातायात को जेवर कस्बे और सिकंदराबाद की ओर से वैकल्पिक मार्गों पर भेजे जाने की व्यवस्था की गई है। वहीं नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से आगरा की ओर जाने वाले यातायात को आवश्यकता के अनुसार परीचौक, जेवर और यमुना एक्सप्रेसवे की दिशा में भेजा जाएगा। Greater Noida News
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन व्यवस्था के दौरान एम्बुलेंस, फायर सर्विस तथा अन्य आपातकालीन वाहनों को सुगम रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे बैरिकेडिंग और यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित मार्ग पर जाने का प्रयास न करें। यातायात संबंधी किसी समस्या या सहायता के लिए 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है। Greater Noida News
आज मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के कारण नोएडा से ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा से नोएडा के बीच सफर करने वालों को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक समय लग सकता है। वैकल्पिक मार्गों पर भी यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना रहेगी। Greater Noida News
[ इसलिए चेतना मंच की अपील है कि यदि कोई जरूरी काम नहीं है तो आज अनावश्यक रूप से घर से निकलने से बचें। जरूरी यात्रा हो तो घर से निकलने से पहले अपना रूट तय करें और पर्याप्त समय लेकर चलें। ]
विज्ञापन