
Noida Latest News : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। खुद की मौत का ड्रामा रच कर एक अनजान युवती को मौत के घाट उतारने वाली आरोपी युवती पायल भाटी व उसके फेसबुक फ्रेंड के खिलाफ थाना बिसरख पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है। आरोपी युवती ने अपने मां-बाप की मौत का बदला लेने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर खुद की मौत का ड्रामा रचा था तथा अपनी ही कदकाठी की एक लड़की की हत्या की थी।
थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि ग्राम बढ़पुरा निवासी पायल भाटी पुत्री रविंद्र भाटी व उसके प्रेमी अजय कुमार पुत्र गुरुदेव निवासी ग्राम महिपाल जांगिड़ सिकंदराबाद के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है। गैंगलीडर पायल भाटी ने अपने साथी के साथ मिलकर आपराधिक षडयंत्र रचकर सनसनीखेज हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।
बता दें कि थाना बिसरख क्षेत्र से 12 नवंबर 2022 को हेमा चौधरी नामक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। 15 नवंबर को उसकी बहन ममतेश ने थाना बिसरख में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस दौरान पुलिस को बढ़पुरा गांव निवासी पायल भाटी का शव जली हुई अवस्था में मिला था। हेमा चौधरी की गुमशुदगी की जांच कर रही पुलिस को पता चला कि आखरी बार उसकी बात अजय कुमार के साथ हुई थी।
पुलिस ने जब अजय को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो सारे मामले का पर्दाफाश हो गया। अजय ने बताया कि उसने अपनी प्रेमिका पायल भाटी के साथ मिलकर उसके घर में ही हेमा चौधरी की हत्या कर दी थी तथा उसके चेहरे को गर्म तेल से जला दिया था। चेहरा जला होने के कारण परिजनों ने उक्त शव को पायल भाटी का शव समझा और उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस ने इसके बाद पायल भाटी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पायल भाटी ने बताया कि उसके माता पिता की मृत्यु के लिए कुछ रिश्तेदार जिम्मेदार थे। जिन से बदला लेने के लिए उसने इस पूरे षडयंत्र को रचा था वह अजय के साथ मिलकर अपने रिश्तेदारों की हत्या की घटना को अंजाम देने की फिराक में थी।