
Noida Latest News: सेक्टर-64 में एक निर्माणाधीन इमारत की शटरिंग गिरने से 2 लोग घायल हो गए। शटरिंग गिरने की वजह से पड़ोस के दो मकान व एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात बाधित हो गया।
थाना फेस-3 प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि आज सेक्टर-64ए 118 में नवनिर्मित इमारत पर लगी शटरिंग के गिरने की सूचना मिली। सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सौरव पुत्र रामकुमार व एक अन्य युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन इमारत के बाहर शटरिंग के लिए लोहे के पाइप लगाए गए थे। दोपहर के समय चली तेज हवा के कारण संतुलन बिगडऩे की वजह से पूरी शटरिंग भरभरा कर गिर गई। इस हादसे में पड़ोस के दो मकान व एक कार भी चपेट में आ गई।
लोहे के भारी पाइप गिरने की वजह से मकान व कार क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे के बाद यहां पर यातायात भी बाधित हो गया। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने लोगों की मदद से शटरिंग के सामान को एक तरफ करवाकर यातायात को सामान्य कराया।