नोएडा की 03 अगस्त 2026 की प्रमुख खबरें एक साथ पढ़ें। पिटबुल हमला, सोसाइटी में आग, साइबर ठगी, पैरा एथलीट की एफआईआर और मासूम की मौत से जुड़े बड़े अपडेट।

Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 03 अगस्त को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “पिटबुल ने महिला पर किया हमला, आईसीयू में भर्ती” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर डेल्टा-वन के बी ब्लॉक के पार्क में रविवार सुबह अपने कुत्ते को टहला रही महिला पर पिटबुल ने हमला कर दिया। उनका बायां हाथ जबड़े में जकड़ लिया। 10 से 15 मिनट की मशक्कत के बाद महिला को छुड़ाया जा सका। घायल अवस्था में उन्हें ग्रीन सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां हाथ का ऑपरेशन हुआ है। 12 टांके लगे हैं और वह आईसीयू में भर्ती हैं। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने बताया कि पीड़ित गीता अपने पालतू कुत्ते को लेकर पार्क में घूम रही थीं। ब्लॉक बी निवासी वरुण कुमार भी अपने पिटबुल को लेकर पहुंचे थे। दोनों डॉग लवर हैं। टहलने के दौरान दोनों के कुत्ते आमने-सामने आ गए। तभी महिला ने बीच में आकर कुत्तों को शांत करने का प्रयास किया लेकिन पिटबुल ने उन पर हमला कर दिया और बायां हाथ अपने जबड़े में जकड़ लिया। उन्होंने बताया कि पिटबुल से महिला को छुड़ाने का प्रयास किया गया लेकिन 10 से 15 मिनट लग गए। उनका हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की बेटी शिवानी ने बताया कि मम्मी आईसीयू में भर्ती हैं। उनके हाथ में 10 टांके लगे हैं। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच इस घटना में समझौता हो गया है। वे किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहते हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे पक्ष ने इलाज कराने में मदद की है। पाकों में कुत्तों पर रोक, मजल न पहनाने पर लगेगा 1000 रुपये का जुर्माना : आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने बताया कि सेक्टर के सभी पार्कों में कुत्तों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। सभी से नियम का पालन करने और कुत्तों को पाकों में नहीं ले जाने की अपील की गई है। अगर कोई सेक्टर में बिना मजल के अपने कुत्ते को घुमाता है तो उस पा 1000 रुपये का जुर्माना लगाय जाएगा। जबरदस्ती करने पर सरख कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Noida News:
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “फ्लैट में लगी आग, फायर पाइप में नहीं आया पानी” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि ग्रेनो वेस्ट की कासा वुड स्टॉक सोसाइटी में रविवार को 21वें तल पर बंद फ्लैट की रसोई में आग लग गई। निवासियों की सूचना पर एक गाड़ी लेकर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। एहतियातन अगल-बगल के फ्लैटों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। एफएसओ अजय कुमार ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। निवासियों का आरोप है कि आग बुझाने के लिए कॉरिडोर में लगे फायर पाइप का इस्तेमाल किया गया लेकिन उसमें पानी नहीं आया। स्प्रिंकलर और स्मोक डिटेक्टर ने भी काम नहीं किया। इसके बाद लोगों ने बाल्टियों और बाथरूम से पाइप जोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया। अभी आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग से फ्लैट में रखे घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है। फ्लैट में फिलहाल कोई नहीं रहता है। इसकी मालकिन पूनम शर्मा अपने परिवार के साथ महागुन मायवुड्स सोसाइटी में रहती हैं। उन्होंने फ्लैट बेचने के लिए चाबी ब्रोकर को दे रखी थी।
रविवार सुबह कुछ लोगों ने फ्लैट से धुआं निकलता देखा जिसकी सूचना उन्होंने सुरक्षाकर्मी को दी और फ्लैट का गेट खोलकर आग बुझाने का प्रयास किया। निवासियों का आरोप है कि फ्लैट में आग से बचाव के लिए स्प्रिंकलर और स्मोक डिटेक्टर लगे हैं लेकिन घटना के समय किसी उपकरण ने काम नहीं किया।
Noida News: अमर उजाला ने 03 अगस्त 2026 के अंक में प्रमुख समाचार “पैरा एथलीट ने अभद्र टिप्पणी के लगाए आरोप” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि साइबर उत्पीड़न और मानहानि से परेशान एक अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट ने शनिवार को बीटा-2 कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप - है कि लंबे समय से सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों पर उनके खिलाफ झूठी, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक सामग्री प्रसारित की जा रही है। पुलिस ने आईटी अधिनियम की धारा-66 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। शिकायतकर्ता का कहना है कि पिछले कई महीनों से उनके और अन्य पैरा खिलाड़ियों के खिलाफ ई-मेल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से लगातार झूठी और मानहानिकारक शिकायतें भेजी जा रही थीं। उनका आरोप है कि इसका मकसद उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना, उनके खेल जीवन में बाधा डालना था।
इस संबंध में 3 जून 2026 को साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन थाना पुलिस की ओर से लंबे समय तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर को ई-मेल के जरिए मामले की जानकारी दी।
जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उन्हें सूचित किया कि संदिग्ध ई-मेल खातों से हर्ष दीक्षित और राघव मिश्रा नामक व्यक्तियों की पहचान हुई है। इसके बावजूद लंबे समय तक न तो एफआईआर दर्ज हुई और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई की गई। पीड़िता ने खुद को एक अंतरराष्ट्रीय पैरा एंथलीट, राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्तकर्ता, संयुक्त राष्ट्र एसडीजी एक्शन अवार्डी और दिव्यांगजन अधिकारों के लिए कार्यरत सामाजिक कार्यकर्ता बताया है। उन्होंने दावा किया कि उनके सभी डोप परीक्षणों की रिपोर्ट नेगेटिव रही है। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जारी है।
समाचार दैनिक जागरण से
Noida News: दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 03 अगस्त 2026 का प्रमुख समाचार “साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त कर्मी समेत दो से 58 लाख रुपये ठगे” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर सेवानिवृत्त कर्मी और इंजीनियर से 58 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ितों ने साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ठगों की पहचान और तलाश में जुटी है। नोएडा सेक्टर 137 के रहने वाले अजय भेल के सेवानिवृत्त कर्मी हैं। 11 मई को वाट्सएप पर शेयर बाजार संबंधी मैसेज आया। इस संबंध में श्रेया कुलकर्णी नाम की ठग से बात हुई। उसने खुद को फिनसोल सिक्योरिटी नाम की कंपनी कार्यालय में इन्वेस्टमेंट प्लानर बताया। उसने फिनसोल सारथी नाम की एप डाउनलोड कराई। इसके माध्यम से निवेश कराना शुरू किया। शुरुआत में पांच हजार रुपये का मुनाफा दिलाकर विश्वास दिलाया। अजय ने 26 जून तक कई बार में 44 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। एप पर दिख रहे एक करोड़ रुपये के पोर्टफोलियो में से रकम निकालने के लिए आवेदन किया तो ठगों ने कर के रूप में और रकम जमा कराने को बोला। रकम नहीं देने पर ठगों ने संपर्क तोड़ दिया। उधर, नोएडा सेक्टर 47 के वैभव इंजीनियर हैं। उनसे साइबर ठगों ने 14 लाख रुपये का इन्वेस्टमेंट फ्राड किया। दोनों पीड़ितों ने एनसीआरपी पोर्टल और साइबर क्राइम थाना पुलिस से शिकायत की। डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि पीड़ितों की शिकायतों पर मामले दर्ज कर जांच कराई जा रही। ठगी में संलिप्त बैंक खातों की जांच कराई जा रही।
Noida News: दैनिक जागरण के 03 अगस्त 2026 के अंक में अगला प्रमुख समाचार “पिता ने खुद को माना जिम्मेदार, प्राधिकरण कर्मियों पर भी केस” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर-122 की ग्रीन बेल्ट स्थित प्राधिकरण के ट्यूबवेल की हौदी में गिरकर डूबने से शुक्रवार सुबह चार वर्षीय फिरोज आलम ऊर्फ गोलू की मौत के मामले में नया तथ्य सामने आया है। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि दैनिक मजदूरी पर कार्यरत बच्चे के पिता ने लिखित रूप से स्वीकार किया है कि वह बच्चे को कार्यस्थल पर लाए थे और उसका ध्यान नहीं रख सके। इसके लिए वह स्वयं को भी जिम्मेदार मानते हैं। हालांकि, बच्चे के पिता की शिकायत पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने प्राधिकरण के संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्वजन ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया व उसे गांव ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।
सीतापुर के खरतौना गांव निवासी शिराजुद्दीन आलम नोएडा सेक्टर-122 स्थित झुग्गियों में पत्नी व दो बच्चों संग रहते हैं। वह प्राधिकरण के हार्टिकल्चर विभाग में दैनिक मजदूरी पर कामगार के रूप में कार्य करते हैं। उनका चार वर्षीय छोटा बेटा फिरोज आलम उर्फ गोलू शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे खेलते हुए झुग्गी के पास ग्रीन बेल्ट में बने नोएडा प्राधिकरण के ट्यूबवेल परिसर में पहुंच गया। बताया जा रहा है कि बच्चा खेलते-खेलते ट्यूबवेल की हौदी के पास पहुंच गया। वहां वह ट्यूबवेल के पाइप से हाथ धोने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह हौदी में गिरकर डूब गया।
Noida News:
विज्ञापन