
Noida News /ग्रेटर नोएडा। आजाद भारत की जिस शानदार नई संसद का उदघाटन देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 मई को करेंगे उस दिन ग्रेटर नोएडा में अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे किसान ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे।
बता दें कि 25 अप्रैल को किसान सभा के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में आने वाले गांवों के किसानों ने अपनी 10 फीसदी आबादी प्लाट, सर्कल रेट का 4 गुना मुआवजा, आबादियों की लीज बैक, 40 वर्ग मीटर का प्लाट व रोजगार के मुददे पर प्राधिकरण कार्यालय के सामने धरना शुरू किया था। धरने को 1 माह हो चुका है।
धरने की अध्यक्षता बाबा बलबीर इमलिया ने की, संचालन निरंकार प्रधान सादोपुर ने किया। धरने को वीरसेन नागर प्रकाश प्रधान रामसिंह इमलिया सुखबीर घंगोला जयवीर खोदना खुर्द निशांत घोड़ी बछेड़ा ब्रह्मपाल सूबेदार प्रशांत भाटी मास्टर महेश संदीप सिंह हवलदार प्रशांत खेड़ी ने संबोधित किया। इस दौरान सभी कमेटियों की बैठक का आयोजन धरना स्थल पर किया गया। कमेटी में 28 तारीख की ट्रैक्टर रैली पर चर्चा की गई। रैली ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक मूर्ति गोल चक्कर से शुरु होगी। वहीं दूसरी रैली सिरसा गोल चक्कर से रवाना होगी। दोनों तरफ से शुरू हुई रैली 12:00 बजे तक अथॉरिटी गोल चक्कर पर पहुंच जाएगी। अथॉरिटी गोल चक्कर से परी चौक होते हुए वापस प्राधिकरण पर आकर रैली की समाप्ति की जाएगी।
रैली के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट के संयोजक महाराज सिंह प्रधान को बनाया गया है, जबकि ग्रेटर नोएडा ईस्ट में रैली का संयोजक नरेंद्र भाटी अध्यक्ष किसान सभा को बनाया गया है। धरना स्थल पर कमेटियों की मीटिंग में 2 जून को बेरोजगार युवाओं को समर्पित धरना रखा गया है, जिसमें युवा ही भाषण देंगे। धरने पर 6 जून के डेरा डालो घेरा डालो प्रोग्राम की व्यवस्थाओं के बारे में चर्चा की गई। साथ ही निर्णय लिया गया कि गांव की कमेटियां अपने अपने गांव में प्रभात फेरी निकालकर आंदोलन का प्रचार करेंगे।
किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने कहा कि मुद्दे बिल्कुल साफ हैं। 10% आबादी प्लाट सर्कल रेट का 4 गुना मुआवजा आबादियों की लीज बैक 40 वर्ग मीटर का प्लाट रोजगार की नीति एवं अन्य मुद्दों पर सभी किसान एकजुट हैं। आंदोलन को मुद्दों के हल होने तक चलाने का निर्णय लिया गया है। किसान सभा के प्रवक्ता डॉ. रूपेश वर्मा ने कहा कि हम सभी अधिकारियों लोकल नेताओं को अपने मुद्दों के बारे में अवगत करा चुके हैं। प्राधिकरण और सरकार की तरफ से निर्णय का इंतजार है। आंदोलन हर रोज बढ़ रहा है। क्षेत्र के हजारों किसान 6 जून को डेरा डालने के प्रोग्राम की तैयारी कर रहे हैं। डेढ़ लाख से अधिक अधिग्रहण से प्रभावित किसान प्राधिकरण की किसान विरोधी नीतियों के विरुद्ध लामबंद हो रहे हैं। क्षेत्र के किसानों में प्राधिकरण के विरुद्ध भारी गुस्सा है।
किसान सभा के उपाध्यक्ष यतेंद्र मैनेजर ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि हमने मायेचा गांव में कमेटी का गठन कर प्रभातफेरी निकालने का निर्णय लिया है और 28 तारीख की रैली में अधिक ट्रैक्टरों को इकट्ठा कर हम हिस्सेदारी करेंगे। बुधपाल यादव, सतीश यादव, सुरेश यादव, राजीव नागर ने भी धरने को संबोधित किया।