Noida News 16 July 2026: नोएडा और ग्रेटर नोएडा की आज की सभी बड़ी खबरें एक जगह पढ़ें। पीजी आग हादसा, बिजली लाइन दुर्घटना, YEIDA अपडेट और अन्य प्रमुख समाचार।

Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 16 जुलाई को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “धमाका हुआ और छह मिनट में भूतल से 5वीं मंजिल तक पहुंची आग, कई लोग छत से कूदे” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि नोएडा के सेक्टर-66 स्थित ममूरा गांव में पेइंग गेस्ट (पीजी) की पांच मंजिला इमारत में चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी धमाके के साथ फट गई। इससे इमारत में लगी आग में एक युवती समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। आग ने कुछ ही मिनटों में भूतल पर खड़े 18 से अधिक दोपहिया वाहनों को चपेट में ले लिया। दमकल की सात गाड़ियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित बचा लिया। मृत युवती की पहचान बिहार की स्नेहा श्रीवास्तव (22) के रूप में हुई है। वहीं, मृत युवक मध्यप्रदेश निवासी ऋषभ (26) है। शुरुआती जांच में बिल्डिंग में आग से बचाव का कोई इंतजाम नहीं मिला। पुलिस ने केस दर्ज कर भवन मालिक और पीजी संचालक दिल्ली निवासी कृष्णा कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, ममूरा में एनसीआर पीजी एंड फ्लैट नाम की इमारत के दो हिस्सों में पीजी और एक हिस्से में किराये के लिए कमरे बने हैं। पूरी इमारत में करीब 50 परिवारों समेत 250 से अधिक लोग रहते हैं। आग बुधवार सुबह 11:30 बजे भूतल पर चार्जिंग के दौरान लगी। इससे धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक पहुंचा और कई लोग कमरों व बालकनी में फंस गए। जान बचाने के लिए लोग कमरों से बाहर भागे।
कई लोग छत पर पहुंच गए, कुछ ने घबराकर नीचे छलांग लगा दी। अग्निशमन विभाग और पुलिस ने फंसे लोगों को बाहर निकाला। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग के कारणों और सुरक्षा मानकों में लापरवाही की जांच की जा रही है। जिस बिल्डिंग में आग लगी, वह सघन इलाका है। गलियां संकरी हैं। इसके चलते दमकल विभाग को राहत कार्य में दिक्कतें आईं। दमकल कर्मियों ने लंबी पाइप लाइन बिछाकर पानी डाला, तब आग पर काबू पाया जा सका। हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म व सीढ़ियों की मदद से फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग के दौरान जान बचाने के लिए कुछ लोग बगल की इमारतों पर कूद गए। स्थानीय लोगों ने छत से छत तक सीढ़ी लगाकर लोगों को दूसरी इमारत में पहुंचाया। धुएं के कारण छह अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
Noida News:
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “11 हजार केवी लाइन का तार टूटकर गिरा, पांच झुलसे” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के छिजारसी में बुधवार शाम हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से पांच लोग झुलस गए, जबकि एक स्कूटी में आग लग गई। घायलों को आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-63 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 11 हजार केवी बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसे में स्कूटी भी आग की लपटों में घिर गई।
घायलों की पहचान निधि (15), प्रिया (17), मुकेश राम (38), पवित्र (41) और रवि चौधरी के रूप में हुई है। इनमें रवि चौधरी गंभीर रूप से झुलसे हैं, जबकि अन्य चार घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तार गिरते ही तेज चिंगारी निकली और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस व बिजली विभाग को सूचना दी। घटना के बाद लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि समय पर बिजली लाइनों का रखरखाव नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और क्षेत्र की सभी हाईटेंशन लाइनों की जांच कराने की मांग की।
Noida News: अमर उजाला ने 16 जुलाई 2026 के अंक में प्रमुख समाचार “नौकरी के नाम पर 5.70 लाख ठगने का आरोप” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर-142 थाने में पीड़ित ने नौकरी के नाम पर 5.70 लाख ठगने और पैसे वापस मांगने पर थाना प्रभारी बनकर धमकी देने का आरोप लगाते हुए दो नामजद समेत चार पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित रोहित शर्मा ने आरोप लगाया है कि अशोक मास्टर व शिव सिंह ने करीब 10 दिन पहले उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। इसके बदले 5.70 लाख रुपये लिए। नौकरी नहीं लगने पर उसने आरोपियों से पैसे मांगे तो 14 जुलाई को दोनों आरोपियों ने उसे बुलाया। वहां दोनों ने 4 दिन का समय देने की बात कहीं। आरोप है कि उन्होंने भरोसे के तौर पर अपनी कार दे दी। इसके बाद आरोपियों ने थाना प्रभारी बनकर फोन किया और उसे बुलाया। थान प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। यमुना प्राधिकरण की खजाना तेजी से भर रहा है। प्राधिकरण ने पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही के सापेक्ष चालू वित्त वर्ष में 114.33 प्रतिशत अधिक राजस्व प्राप्ति की है। औद्योगिक श्रेणी की भूखंड योजनाओं से प्राधिकरण को चालू वित्त वर्ष में इस श्रेणी के लक्ष्य के सापेक्ष 47.5 प्रतिशत राजस्व की प्राप्ति हो चुकी है। जबकि अभी चालू वित्त वर्ष के 9 माह बचे हैं।
समाचार दैनिक जागरण से
Noida News: दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 16 जुलाई 2026 का प्रमुख समाचार “यीडा की कमाई ने पकड़ी रफ्तार, पहली तिमाही में 1371.75 करोड़ का मिला राजस्व” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि प्राधिकरण की बुधवार को हुई 91वीं बोर्ड बैठक में यीडा अधिकारियों ने राजस्व के ये आंकड़े चेयरमैन आलोक कुमार व अन्य अधिकारियों से साझा किए। यीडा का वित्तीय बजट लगातार बढ़ रहा है। प्राधिकरण ने चालू वित्त वर्ष के लिए करीब 11 हजार करोड़ का बजट स्वीकृत किया था। इसके सापेक्ष राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य भी लगभग समान है। प्राधिकरण की ओर से बुधवार को बोर्ड के सामने रखे गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में जून तक कुल राजस्व प्राप्ति 640.01 करोड़ थी। जो चालू वित्त वर्ष में 30 जून तक 1371.75 करोड़ पहुंच गई। राजस्व प्राप्ति के साथ ही प्राधिकरण का खर्च भी बढ़ा है। पिछले साल जून तक खर्च 944.80 करोड़ के सापेक्ष इस साल पहली तिमाही में 2101.96 करोड़ रुपये व्यय किए हैं। इसमें सबसे अधिक खर्च जमीन क्रय पर किया है। यीडा ने पहली तिमाही में जमीन क्रय पर 1741.40 करोड़ खर्च किए हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यीडा में औद्योगिक निवेश भी जमकर हो रहा है। औद्योगिक व मिक्स लैंड योजना से प्राधिकरण को 660.14 करोड़ का राजस्व मिला है, यह पूरे साल के लक्ष्य का 47.5 प्रतिशत है। यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि यीडा बोर्ड ने नए सेक्टर एवं सड़क के लिए जमीन क्रय को भी स्वीकृति दी है।
Noida News: दैनिक जागरण के 16 जुलाई 2026 के अंक में अगला प्रमुख समाचार “17 गांवों का दूर होगा अंधेरा, प्राधिकरण लगाएगा 2600 नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 17 गांवों का अंधेरा अब दूर होगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण यहां करीब 2600 नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने जा रहा है। इससे गांवों के डार्क जोन खत्म होंगे और रात में उजियारा फैलेगा व सुरक्षा भी बेहतर होगी। ग्रेनो प्राधिकरण ने इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। लाइट लगाने से पहले सर्वे भी पूरा हो चुका है। अगले एक महीने में गांवों में लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इस पूरे काम पर लगभग 3.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे। ग्रेनो व ग्रेनो वेस्ट के गांवों में चिंहित डार्क जोन वाले गांवों में एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इन गांवों में सूरजपुर, भोला रावल, तिलपता करनवास, कुलेसरा, कैलाशपुर उर्फ किराचपुर, बिसरख, ऐमनाबाद, सादोपुर, इटैड़ा, खोदना खुर्द, खैरपुर गुर्जर, छपरौला, खेड़ा धर्मपुरा, मिलकलच्छी, खेड़ी, भनौता और सुनपुरा गांव शामिल हैं। प्राधिकरण के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग ने सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर इन गांवों की लोकेशन चिंहित कर ली है। पुरानी सोडियम लाइटों को हटाकर उनकी जगह ऊर्जा बचत वाली एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। करीब एक लाख एलईडी लाइटें लगाई जा चुकी है। ग्रेनो और ग्रेनो वेस्ट में डार्क जोन को चिंहित कर वहां एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं। फिलहाल ग्रेनो व ग्रेनो वेस्ट के 17 गांवों का काम टेंडर के बाद फाइनल हो गया है। अगले एक महीने में काम शुरू होगा। अंधेरा दूर करने के साथ सुरक्षा के लिहाज से भी स्ट्रीट लाइट जरूरी है।
Noida News:
विज्ञापन