Noida News: 30 जुलाई की प्रमुख खबरें पढ़ें। मामूरा हादसा, दहेज हत्या में गिरफ्तारी, चाइल्ड पीजीआई की बड़ी सफलता, बिजली संकट और साइबर ठगी की अहम अपडेट।

Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 30 जुलाई को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “अब मामूरा में खुले नाले में गिरकर बुजुर्ग की मौत” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि मामूरा में बुधवार सुबह खुले नाले में गिरने से बुजुर्ग (70) की मौत हो गई। सुबह करीब 9:30 बजे गली नंबर-6 में ओम अस्पताल के पास ट्रांसफॉमर्र के करीब खुले नाले में हुए हादसे में जान गंवाने वाले बुजुर्ग की शिनाख्त मूलरूप से मेरठ निवासी रुमाल सिंह के रूप में हुई है। फिलहाल वह नोएडा के सेक्टर-66 के मामूरा में रह रहे थे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है। शुरुआती जांच में शव पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने नाले में डूबने से मौत की आशंका जताई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही उनके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद निवासियों में रोष है।
एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि बुजुर्ग के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बुजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई। मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। रिपोर्ट में कोई संदिग्ध तथ्य सामने मिला तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से घटना की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे डायल-112 पर पुलिस को मामूरा के नाले में एक व्यक्ति का शव होने की जानकारी मिली।
Noida News:
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “दहेज हत्या की आरोपी सास और पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि कासना कोतवाली पुलिस ने घंघोला गांव में विवाहिता की दहेज हत्या के आरोप में पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अभी देवर फरार है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गाजियाबाद के जावली गांव की रहने वाली दो सगी बहनें तनु और तनीषा की शादी वर्ष 2020 में घंघोला गांव निवासी अमित व सुमित के साथ हुई थी। दोनों बहनों के दो-दो बच्चे हैं। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर दोनों बहनों को प्रताड़ित कर रहे थे। सोमवार की रात तनु की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दहेज हत्या का आरोप लगाकर मंगलवार को कासना कोतवाली में जमकर हंगामा किया। उसके बाद पुलिस ने पति समेत 3 के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। अब बुधवार को पुलिस ने तनु के आरोपी पति अमित और सास कृष्ण को गिरफ्तार कर लिया है।
Noida News: अमर उजाला ने 30 जुलाई 2026 के अंक में प्रमुख समाचार “बिना चीरा लगाए डॉक्टरों ने बच्चे के गले से निकाला फंसा नट-बोल्ट” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि स्नातकोत्तर बाल चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संस्थान (चाइल्ड पीजीआई) के डॉक्टरों की सूझबूझ से एक डेढ़ वर्षीय मासूम की जान बच गई। खेलते-खेलते मासूम ने लोहे का नट और बोल्ट निगल लिया था, जिसे डॉक्टरों ने बिना किसी चीरा-फाड़ी के सुरक्षित बाहर निकाल दिया। संस्थान से मिली जानकारी के मुताबिक, डेढ़ साल का बच्चा घर में खेलते समय अचानक धातु का नट और बोल्ट निगल गया। परिजन घबराकर उसे तुरंत लेकर सेक्टर 30 स्थित चाइल्ड पीजीआई लाए। छोटे बच्चों में ऐसी भारी वस्तुएं खाने की नली में फंसने पर दम घुटने या अंदरूनी अंगों के फटने का गंभीर खतरा रहता है। अस्पताल पहुंचते ही नाक-कान-गला (ईएनटी) रोग विभाग की टीम ने बिना समय गंवाए बच्चे की जांच की। एक्स-रे व जांच में नट-बोल्ट खाने की नली में फंसे पाए गए। डॉक्टरों ने तत्काल बच्चे को ऑपरेशन थिएटर ले जाकर सामान्य बेहोशी दी। इसके बाद डॉक्टरों ने रिजिड ओसोफैगोस्कोपी तकनीक का इस्तेमाल किया। इसमें मुंह के रास्ते एक विशेष पतली धातु की नली और कैमरे की मदद से खाने की नली में फंसे नट-बोल्ट को बिना कोई चीरा लगाए सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह सफल ऑपरेशन डॉ. अभिषेक के नेतृत्व में पूरा हुआ, इसमें वरिष्ठ रेजिडेंट डॉ. संध्या और डॉ. सिमरन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉक्टरों की तत्परता से बड़ी अनहोनी टल गई। सामान्य स्थिति में आने पर बच्चे को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। डॉक्टरों ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों की पहुंच से नट-बोल्ट, सिक्के, बटन बैटरी, पिन और खिलौनों के छोटे पुर्जे दूर रखें।
समाचार दैनिक जागरण से
Noida News: दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 30 जुलाई 2026 का प्रमुख समाचार “20 घंटे बिजली गुल, परेशान रहे सेक्टर 12 के निवासी” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर-12 के बी ब्लाक में मंगलवार सुबह से बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों को पूरे दिन परेशानी झेलनी पड़ी। रातभर की इस समस्या से बुधवार की सुबह भी लोग बिजली से परेशान रहे। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष डा. तरसेम चंद ने बताया कि उन्होंने दो बारं लाइनमैन से संपर्क किया। लाइनमैन ने बताया कि ट्रांसफार्मर के नीचे पानी भरा होने के कारण बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की जा सकती। डा. तरसेम चंद का कहना है कि उन्होंने मौके पर जाकर वीडियो बनाया, ट्रांसफार्मर के ठीक नीचे बहुत कम पानी दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास जलभराव रहा। ट्रांसफार्मर से जुड़े एच ब्लाक में बिजली सामान्य रूप से चल रही थी, लेकिन बी ब्लाक की सप्लाई बंद रही। निवासियों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता। 20 घंटे तक बिजली विभाग की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है। बुधवार की सुबह 11 बजे के बाद विभागीय टीम पहुंची।
Noida News: दैनिक जागरण के 30 जुलाई 2026 के अंक में अगला प्रमुख समाचार “तीन पीड़ितों ने तत्काल की ठगी की शिकायत, पुलिस ने फ्रीज कराए 12 लाख रुपये” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि साइबर हगी होने पर शुरुआती दो घंटे (गोल्डन आवर) में शिकायत करने से न केवल ठगों के साजिश पर पानी फिरता है, बल्कि ठगी की रकम फ्रीज होती है। साइबर ठगों ने शेयर बाजार निवेश के नाम पर पिछले साल नोएडा के इंजीनियर शुभम, रेलवे कर्मी डिंपी और कारोबारी नरेंद्र सिंह से करीब 45 लाख रुपए की ठगी की। उन्होंने ठगी का पता चलते ही तत्काल पूरी जानकारी के साथ एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत की। पुलिस ने इसमें से 12 लाख रुपए फ्रीज कराए। इनको वापस दिलाने की प्रक्रिया चल रही। ठगों पर शिकंजा कसने को मामले दर्ज कर जांच चल रही। नोएडा सेक्टर 122 के रहने वाले गरमेंट कारोबारी नरेंद्र 19 मई को बट्सएप मैसेज से ठगों के संपर्क में आए। ठगों ने एप डाउनलोड कराकर शेयर बाजार में निवेश कराने के नाम पर रकम ट्रांसफर करानी शुरू की। विश्वास होने पर नरेंद्र ने 21 बार में 27 मई तक ठगों के बैंक खाते में 18 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम निकालने के आवेदन पर ठगों ने और रकम जमा कराने को बोला। शक होने पर उन्होंने तत्काल एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर क्राइम थाना पुलिस को अवगत कराया। उधर, नोएडा की रेलवे कर्मी डिंपी की दो अगस्त 2025 को ठगों से बात होनी शुरू हुईं। ठगों ने घर बैठे रकम कमाने के नाम पर टास्क दिए। फिर शेयर बाजार निवेश कर मुनाफा कमाने के जाल में फंसाया। 13 अगस्त 2025 तक 15 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। ठगी का पता चलने पर एनसीआरपी पोर्टल पर खुद शिकायत की। उधर, ग्रेटर नोएडा के इंजीनियर शुभम से तीन जून 2025 को साइबर ठगों ने संपर्क किया। गेमिंग एप पर मुनाफा दिलाने के नाम पर एक अगस्त 2025 तक 12 लाख रुपये ट्रांसफर कराए। रकम नहीं मिलने पर एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत की। डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि शुरुआती दो घंटे यानि गोल्डन आवर में शिकायत करनी चाहिए। देरी होने पर ठग कई बैंक खातों में रकम ट्रांसफर या रकम की निकासी कर लेते हैं। इससे ठगी की ट्रेल जोड़ने में समय लगता है। कोई भी चेन टूटने से ठगों को पकड़ना मुश्किल होता है।
Noida News:
विज्ञापन