
Noida News / दादरी (चेतना मंच)। दादरी में इन दिनों बाइक पर बुर्के में बैठकर अपने साथी के साथ लूटपाट करने वाली एक लुटेरी सक्रिय है। इस लुटेरी ने अपने साथी के साथ मिलकर एक स्टांप विक्रेता को बेहोश कर उसके पास रखें 60 हजार रूपये की नकदी लूट ली।
मोहल्ला ठाकुरान दादरी निवासी आदित्य शर्मा ने बताया कि वह दादरी तहसील में अपने पिता के साथ स्टांप बिक्री का कार्य करता है। गत 6 जुलाई की शाम को वह तहसील दादरी से अपने घर जा रहा था। इस दौरान रास्ते में बाइक सवार युवक बुर्के में बैठी युवती ने उसे रोका और रेलवे रोड का रास्ता पूछा।
आदित्य शर्मा ने बताया कि जैसे ही वह उन्हें रास्ता बताने लगा तो बाइक सवार व्यक्ति ने उसके मुंह पर हाथ रख दिया जिस कारण वह बेहोश हो गया। कुछ देर बाद जब उसे होश आया तो उसका बैग गायब था। बैग में पूरे दिनभर की बिक्री के करीब 60000 रूपये रखे हुए थे। पीड़ित ने इसकी सूचना दादरी कोतवाली पुलिस को दी। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सेक्टर-49 पुलिस ने एक गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर नवीन चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था जिसमें वह वांछित चल रहा था। पकड़ा गया मोबाइल लुटेरे गिरोह का सदस्य है। पुलिस ने पूर्व में आरोपी व उसके साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था और इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की थी न्यायालय से जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी फरार हो गया था।