
Noida News : नोएडा के सेक्टर 126 क्षेत्रांतर्गत रायपुर खादर के जंगल में रविवार को पीपल के पेड़ से एक युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों की जानकारी नहीं लग सकी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, आज थाना सेक्टर-126 पुलिस को सूचना मिली कि रायपुर खादर के जंगल में एक पीपल के पेड़ से एक युवक की लाश लटकी हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर थाना पुलिस पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की पहचान 28 वर्षीय रंजीत प्रसाद पुत्र लाल बहादुर प्रसाद निवासी देवरिया के रुप में हुई है। बताया जाता है कि मृतक युवक रायपुर खादर क्षेत्र में ही मजदूरी करता था।
पुलिस द्वारा घटना स्थल को येलो टैप से सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके पर भौतिक निरीक्षण एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई की गई। पंचायतनामा की कार्रवाई करते हुए शव को डेड बॉडी किट में रखकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस द्वारा अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।