
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना जारचा में एक व्यक्ति ने तीन नामजद सहित सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन का बैनामा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। न्यायालय के निर्देश पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है।
ग्राम नूरपुर निवासी रहमत ने बताया कि उसके पिता निजामुद्दीन फैज अली का देहांत 28 मार्च 2020 को हो गया था। कुछ समय बाद उसे पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके पिता का फर्जी आधार कार्ड के जरिए अपराधिक षड्यंत्र रच कर उनकी जमीन का बैनामा श्रीमती राजेश पत्नी केशव निवासी गुलावली सेक्टर-162 के पक्ष में कर दिया है। उन्होंने जब छानबीन की तो पता चला कि बैनामा में लगाया गया आधार कार्ड फर्जी था।
इस बेनामे में गवाह के रूप में उसके जीजा जीशान पुत्र सईद व बहन अर्शीजहां को फर्जी तरीके से गवाह दिखाया गया हैं। दोनों के फर्जी हस्ताक्षर भी जालसाजो द्वारा बैनामे पर किए गए हैं। बैनामे में अंकित दोनों गवाहों का मोबाइल फोन नंबर भी एक ही है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि पिता की मृत्यु के बाद फर्जी बैनामा कराने की शिकायत उसने थाना जारचा पुलिस से भी की लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि न्यायालय के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। Noida News