
Noida News / ग्रेटर नोएडा। हाईटेक सिटी नोएडा और ग्रेटर नोएडा में यातायात पुलिस द्वारा चलाए जाने वाले जागरुकता अभियान से भी वाहन कोई सबक नहीं ले रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शवों के कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना कासना के गिरधरपुर गांव के पास तेज गति में आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक पर बैठी महिला की मौत हो गई। इस संबंध में थाना कासना में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। ग्राम अनिवास थाना अनूपशहर जिला बुलंदशहर निवासी तरुण कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसकी पत्नी रजनी व बेटा जतिन 5 जुलाई को बाइक से ग्रेटर नोएडा आए थे। ग्रेटर नोएडा से गांव लौटते समय गिरधरपुर के पास तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी टक्कर लगने से उनका बेटा जतिन और पत्नी रजनी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें शांति हॉस्पिटल में एडमिट कराया, जहां रजनी की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के सेक्टर-10 में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मूल रूप से अलीगढ़ निवासी प्रशांत पुत्र वीरेंद्र सिंह अपनी बाइक से जा रहे थे। उनकी बाइक जैसे ही सेक्टर-10 बी ब्लॉक पार्क के पास पहुंची तो किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से प्रशांत सडक़ पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी राहगीर की सूचना पर मौके पर पहुंची थाना की पुलिस ने प्रशांत को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
लापरवाही से वाहन चलाकर मृत्यु करने के आरोप में दो वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपी वाहन चालकों की तलाश कर रही है। मूल रूप से अलीगढ़ निवासी सुशीला ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसका पति संजय सेक्टर-62 में पराठे की ठेली लगाकर परिवार का पालन पोषण कर रहा था। गत 2 जुलाई को उसका पति संजय जन्मदिन की पार्टी में गया हुआ था। 3 जुलाई की सुबह उसके भांजे कपिंद्र ने सूचना दी कि मामा का एक्सीडेंट हो गया है और वह फोर्टिस अस्पताल में भर्ती है। फोर्टिस अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि उसके पति की मौत हो गई है।
Noida Newsएनएच-24 हाईवे के ऊपर एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी थी जिस कारण संजय को गंभीर चोट आई थी। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था। वहीं थाना बादलपुर में कुसमा देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका भाई चंद्रकेश 3 जुलाई को पैदल जा रहा था। बादलपुर थाने के पास तेज गति में आ रहे एक बाइक चालक ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर स्थिति में उसके भाई को काशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। पीड़िता ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर मृत्यु करने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। Noida News