
Noida News /ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। डम्फर को ओवरलोड भरकर आ रहा चालक एआरटीओ को देखकर भी नहीं रुका। एआरटीओ कर्मचारियों ने लुहारली टोल पर डम्फर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह बूम बैरियर को तोडक़र भाग निकला। इस दौरान चालक ने एआरटीओ कर्मियों पर भी डम्फर चढ़ाने का प्रयास किया। डम्फर चालक के खिलाफ थाना दादरी में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मंगलवार को सोशल मीडिया पर लोहारली टोल प्लाजा पर एक डम्फर चालक द्वारा बूम बैरियर को तोड़े जाने की सीसीटीवी फुटेज वायरल हुई थी। इस फुटेज में गिट्टी से भरा एक डम्फर तेजी से बुलंदशहर की तरफ से आता दिख रहा है। इस डम्फर के पीछे एआरटीओ की जीप भी दौड़ रही थी। लुहारली टोल पर वाहनों के खड़े होने के कारण डम्फर चालक को मजबूरी में डम्फर को रोकना पड़ा। इस दौरान जीप से उतरकर पुलिसकर्मियों ने डम्फर चालक तक पहुंचने का प्रयास किया।
बेखौफ डम्फर चालक पुलिसकर्मियों को देखने के बावजूद तेज गति में डम्फर को आगे- पीछे करता रहा जैसे ही टोल की लाइन से वाहन हटे चालक तेजी से डम्फर को दौड़ाकर बूम बैरियर को तोडक़र मौके से फरार हो गया। इस दौरान टोलकर्मियों ने डम्फर के आगे बैरिकेड लगाकर उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन वह तेज गति में वहां से निकल गया।
थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि टोल प्रबंधन की शिकायत पर अज्ञात डम्फर चालक के खिलाफ थाना दादरी में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर डम्फर चालक की तलाश कर रही है। मंगलवार को एआरटीओ द्वारा ओवरलोड डम्फर का पीछा किए जाने की वायरल वीडियो दिनभर चर्चा का विषय बना रहा। लुहारली टोल प्लाजा के मैनेजर रजनीकांत द्विवेदी ने बताया कि इस दौरान एक टोलकर्मी भी डम्फर की चपेट में आने से बच गया।