
Noida News : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। ट्रॉयल के लिए एक अनजान शख्स को अपनी केटीएम बाइक देना एक व्यक्ति को खासा महंगा पड़ा है। ट्रॉयल के बहाने अनजान शख्स बाइक को लेकर फरार हो गया। पीडि़त ने थाना ईकोटेक 3 में मुकदमा दर्ज कराया है।
इंपीरिया रेजिडेंसी नॉलेज पार्क में रहने वाले लखविंदर ने बताया कि उन्होंने अपनी केटीएम बाइक को बेचने के लिए ओएलएक्स पर एड डाला था। करीब 5 दिन पूर्व आशीष गुप्ता नाम के एक युवक का फोन उसके मोबाइल पर आया और उसने बाइक को खरीदने की बात कही। 28 जून को वह उनकी सोसाइटी में आया और बाइक खरीदने से पहले उसकी ट्राई लेने की इच्छा जाहिर की।
उन्होंने विश्वास करते हुए आशीष गुप्ता को अपनी बाइक की चाबी दे दी जिसके बाद वह ट्राई लेने के लिए सोसाइटी से बाहर निकल गया। काफी देर बाद में जब वह वापस नहीं लौटा तो उन्होंने उसकी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। लखविंदर ने बताया कि उसने उसके मोबाइल फोन पर भी कॉल की लेकिन उसने रिसीव नहीं की।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरे फुटेज को खंगाल कर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है इसके अलावा आरोपी के नंबर से उसकी लोकेशन को ट्रेस किया जा रहा है। Noida News