
Noida News /ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर क्षेत्र के तिलपता मंदिर के तालाब में डूबने से एक 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बामुश्किल बालक का शव निकाला। बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बालक की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार थाना सूरजपुर क्षेत्र के गांव तिलपता निवासी 12 वर्षीय दक्ष गांव के ही रहने वाले कुछ बच्चों के साथ तिलपता मंदिर के नजदीक स्थित तालाब में नहाने के लिए गया था। बताया जाता है कि तालाब में अधिक पानी होने से वह तालाब में डूब गया। दक्ष के तालाब में डूबने की सूचना से मौके पर बालक के परिजन और ग्रामीण जुट गए। मामले की जानकारी थाना सूरजपुर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची सूरजपुर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बालक के शव को बरामद कर लिया है।
बताया जाता है कि दक्ष अपने परिवार में अकेला था। दक्ष की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। उसकी मौत से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।