
Noida News : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एस डिवैनो सोसाइटी की 18वीं मंजिल से बीती रात एक 12 वर्षीय बच्चा नीचे गिर गया। ऊंचाई से गिरने के कारण बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। थाना बिसरख पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
आईटी कंपनी में कार्यरत मनीष कुमार गिरी अपनी पत्नी व बेटे के साथ एस डिवैनो सोसाइटी के टावर नंबर-9 में रह रहे हैं। बीती रात्रि वह किसी काम से बाहर गए हुए थे। उनकी पत्नी किसी काम से अपने फ्लैट से नीचे आई हुई थी। इसी दौरान उनका 12 वर्षीय विराट बालकनी पर खड़ा होकर नीचे खड़ी अपनी मां से बात कर रहा था। इस दौरान अचानक संतुलन बिगडऩे के कारण वह नीचे आ गिरा। 18वीं मंजिल से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आनन-फानन में विराट की मां पड़ोसियों की मदद से उसे यथार्थ अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना बिसरख पुलिस ने शव का पंचनामा भरा। पुलिस के मुताबिक विराट सातवीं कक्षा का छात्र था। बालकनी पर संभवत संतुलन बिगडऩे के कारण वह नीचे जमीन पर गिरा। विराट की मौत के बाद से उसके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है वहीं सोसाइटी में भी मातम पसरा हुआ है। Noida News