
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। जेवर कस्बे में गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। संघर्ष के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर अवैध हथियारों से जान से मारने की नियत से फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जेवर खादर निवासी किशन पाल सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ गांव से अलीगढ़ जा रहा था। प्रज्ञान पब्लिक स्कूल के पास मुन्ना पुत्र कबीर व उसका भाई आदिर अपने दो साथियों के साथ गाड़ी में बैठे थे। उन्होंने अपनी कार को बीच रोड पर खड़ा कर रखा था। उन्होंने जब कार को साइड करने के लिए कहा तो आरोपियों ने उसके साथ बदतमीजी शुरू कर दी। इस पर उसने फोन कर अपने भाई को बुला लिया। सभी मिलकर मुन्ना के घर उसकी शिकायत करने जा रहे थे। इस दौरान उन्हें मुन्ना व अन्य लोगों ने घेर लिया और कांच की बोतलों से हमला कर तमंचे से फायरिंग की।
किशनपाल ने इस संबंध में मुन्ना, आदिर व दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वही मुन्ना के पिता कबीर ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि झगड़े के बाद रात्रि करीब 11:30 बजे किशनपाल अपने साथी प्रवीण, नितिन के साथ उसके घर आ धमका। आरोपियों ने उसके घर के बाहर जमकर गाली-गलौज की। बाहर न निकलने पर आरोपी अवैध हथियारों से फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
चीती गांव में गत दिनों एक बीघा जमीन के विवाद में 2 लोगों के खिलाफ थाना दनकौर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पिता-पुत्र ने उसके ताऊ के साथ मारपीट कर अवैध हथियार से फायर कर उन्हें घायल कर दिया। ग्राम चीती निवासी नवीन पुत्र योगेंद्र ने दर्ज रिपोर्ट बताया कि उसका गांव के ही महीप व उसके पिता रिछपाल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
गत 12 जून को वह अपने ताऊ अनूप के साथ सुबह खेत पर पहुंचा तो महीप व रिछपाल ने उनके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। इस बात का जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान महीप ने तमंचे से उसके ताऊ अनूप पर गोली चला दी। महीप द्वारा चलाई गई गोली अनूप के पैर में लगी और वह घायल हो कर जमीन पर गिर गए। झगड़े व गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर काफी ग्रामीण इकट्ठा हो गई जिसके बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों के बीच एक बीघा जमीन को लेकर पिछले 15 सालों से विवाद चल रहा है। इस जमीन पर रिछपाल का कई वर्षों से कब्जा है। घटना वाले दिन अनूप वह उस का भतीजा विवादित खेत को जबरन जोत रहे थे इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था।