
Noida News : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। सूरजपुर कस्बे में पड़ोसी के बेटे की मौत पर शोक व्यक्त करने के लिए जाना एक व्यक्ति को खासा महंगा पड़ गया। पुरानी रंजिश के चलते शोक ग्रस्त परिवार के सदस्यों ने पड़ोसी के साथ जमकर मारपीट कर घायल कर दिया।
सूरजपुर महामेधा गली नंबर 6 में रहने वाले पदम सिंह के पुत्र कुलदीप की बीमारी के कारण गत 4 जुलाई को मृत्यु हो गई थी। उनके पड़ोस में रहने वाले संतबीर पड़ोसी के पुत्र की मौत की सूचना मिलने पर शोक व्यक्त करने उनके घर पहुंचे। संतबीर जैसे ही पड़ोसी के घर पहुंचे तो पदम सिंह उनके भाई प्रेम सिंह, दीपांशु, प्रशांत, सुरेंद्र व सुभाष आदि ने संतबीर के साथ गाली गलौज व मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पदम, दीपांशु ने संतबीर के सिर पर ईटों से प्रहार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आस-पड़ोस के लोगों ने किसी तरह मामले का बीच-बचाव कराया।
मारपीट की जानकारी मिलने पर परिजनों ने संतबीर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबंध में भाई मनवीर ने थाना सूरजपुर में पदम सिंह, प्रेम सिंह, दीपांशु, प्रशांत, सुरेंद्र व सुभाष आदि के खिलाफ मार पीटकर अधमरा करने व जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि दोनों ही पक्ष थाना रबूपुरा क्षेत्र के ग्राम चक बीरमपुर गांव के रहने वाले हैं और सूरजपुर कस्बे में अपना मकान बनाकर रह रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। पुरानी रंजिश के कारण यह घटना हुई है।
थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सदरपुर कालोनी में कार हटाने के विवाद में दबंग पड़ोसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कार मालिक व उसके परिजनों की जमकर पिटाई की। सेक्टर-45 सदरपुर निवासी अमित कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत 6 जुलाई को उनके पड़ोसी रिजवान पुत्र साकिर ने उनके फोन पर कॉल कर कहा कि उसकी गाड़ी रास्ते में खड़ी हुई है। वह अपनी गाड़ी हटा ले। इसके बाद जब वह घर से बाहर निकले तो उनकी गाड़ी सडक़ किनारे खड़ी हुई थी।
इसके बावजूद रिजवान व उसके दो अन्य साथियों ने उनके साथ गाली गलौज कर अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर रिजवान ने उनका गला दबा दिया। झगड़े की आवाज सुनकर जब उनके पिता व भाई मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। तीनों आरोपियों ने मिलकर उनके साथ भी जमकर मारपीट की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
पत्नी के वेतन के पैसे मांगने पर कंपनी के सुपरवाइजर व गार्ड ने युवक के साथ जमकर मारपीट की। पीडि़त ने थाना रबूपुरा में दोनों के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। ग्राम रोनीजा निवासी हरिओम ने दर्ज रिपोर्ट बताया कि उसकी पत्नी पूनम कोशिश कंपनी में गार्ड की ड्यूटी करती है।
गत 5 जुलाई को कंपनी के सुपरवाइजर सुनील उर्फ मटरू व उसके भतीजे योगेश ने उससे कहा कि वह कल से अपनी पत्नी को ड्यूटी पर ना भेजें उसे नौकरी से हटा दिया गया है। इस पर उसने अपनी पत्नी का वेतन दिए जाने को कहा जिस पर दोनों आरोपी भडक़ उठे और उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान मौके पर आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर दोनों के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। Noida News