
Noida News : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र कासना में औद्योगिक भूखंड पर फैक्ट्री का निर्माण कराने के बाद फैक्ट्री मालिक ने कंस्ट्रक्शन कंपनी को उसका भुगतान नहीं किया। निर्माण कार्य के 1 करोड़ 36 लाख 37 हजार 960 रुपये मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने थाना बीटा-2 मे कंपनी के दो डायरेक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मेरिडियन प्लाजा अल्फा कमर्शियल बेल्ट निवासी रवि शंकर शर्मा ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनकी कंपनी आवासीय व उद्योगिक भूखंडों पर कंस्ट्रक्शन कराने का काम करती है। दिल्ली निवासी राकेश सिंह व पिंकी ने उनसे संपर्क कर बताया कि उनका यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र कासना में रीको औद्योगिक भूखंड है। इस पर वह फैक्ट्री का निर्माण कराना चाहते हैं। इस संबंध में 16 अक्टूबर 2021 को उनके बीच करार हुआ, जिसके बाद उसने उक्त भूखंड पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया। करार के तहत उन्हें प्रत्येक महीने बिल की राशि के भुगतान का आश्वासन दिया गया था।
14 अक्टूबर 2022 को उन्होंने प्रथम बिल के रूप में 79 लाख 79 हजार 042 रूपये का बिल दिया, लेकिन इसका कंपनी के डायरेक्टर राकेश सिंह व पिंकी ने भुगतान नहीं किया। दोनों आरोपियों ने जल्द भुगतान करने का आश्वासन देकर कंपनी का निर्माण कार्य पूरा करा लिया। इसके बाद जब उसने 20 जनवरी 2023 को दोनों को फाइनल बिल बना कर दिया, जिसे आरोपियों ने देने से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद उसने अपने बिल का भुगतान करने के लिए कंपनी के डायरेक्टर से गुहार लगाई लेकिन उन्होंने बिल देने से इनकार करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी।
रवि शंकर शर्मा ने बताया कि उसने थाना बीटा-2 में आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। थक हारकर उसने न्यायालय में वाद दायर किया। थाना प्रभारी ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर राकेश सिंह व पिंकी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। Noida News