
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना सूरजपुर क्षेत्र के तिलपता गांव के पास बिजली के पोल से करंट लगने की वजह से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि आज सुबह पुलिस को सूचना मिली कि तिलपता स्थित कंटेनर डिपो के पास पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बिजली विभाग से बात कर विद्युत सप्लाई बंद कराई। इसके पश्चात युवक को अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त बृजेश कुमार के रूप में हुई पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना बादलपुर क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी ने बताया कि बीती शाम पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।
आस- पड़ोस के लोगों ने बताया कि उक्त युवक रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इस दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।