
Noida News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित देविका गोल्ड होम्स सोसाइटी में बिल्डर की लापरवाही और स्टेट मैनेजर के निकम्मेपन से समस्याएं खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। करीब एक महीने से बेसमेंट में पानी भरा हुआ है, जिससे यहां डेंगू और मलेरिया फैलने का भय उत्पन्न हो गया है। यह केवल देविका निवासियों के लिए ही नहीं बल्कि आस पास की सोसायटी वालों के लिए भी एक बड़ा खतरा है।
आपको बता दें कि पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण जहां शहर में जगह जगह जलभराव की समस्या बनी हुई हैं, वहीं ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित देविका गोल्ड सोसायटी वालों को बिना बारिश के ही परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस सोसायटी के बेसमेंट में पिछले करीब एक माह से एक फीट तक पानी भरा हुआ है। सोसायटी के बेसमेंट में जमा पानी अब सड़ने लगा है और यहां पर मच्छर पनपने लगे हैं। जिससे सोसायटी वालों को डेंगू और मलेरिया जैसी खतरनाक बीमारियों को पनपने का खतरा सताने लगा है। सोसायटी में रहने वाले लोगों का कहना है कि स्टेट मैनेजर अजय दीक्षित को कई बार आगाह कराने के बावजूद समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।
यहां रहने वाले लोगों ने ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी और संबंधित विभागों के अधिकारियों से इस संबंध में कार्यवाही किए जाने की मांग की है। देविका वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकुल मिश्रा, चेयरमैन दिनेश झा, आशीष कुलकर्णी, चंद्रशेखर, अरविंद पांडेय, आनंद सिंह, प्रवीन सिंह, चंदन तिवारी, अमित सिंह, राजीव विश्वकर्मा आदि ने कहा हम सभी महामारी फैलने के भय से परेशान हैं, लेकिन प्रबंधन के कान पर जूं नहीं रेंग रहा, अब अथॉरिटी और मुख्यमंत्री से ही उम्मीद है, निवासियो ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी ट्वीटर के माध्यम से की है। Noida News