
Noida News / ग्रेटर नोएडा। सोमवार को गौतमबुद्धनगर की जिला कचहरी वकीलों के बीच मारपीट के अखाड़े में तब्दील हो गई। इस मारपीट में बार एसोसिएशन के सचिव व वरिष्ठ अधिवक्ता नीरज तंवर गंभीर रुप से घायल हो गए। मारपीट की इस घटना को वकीलों के दो गुटों में चल रहे विवाद का नतीजा बताया जा रहा है। पुलिस इस मामले में बेहद फूंक फूंककर कदम उठा रही है।
आपको बता दें कि जिला फौजदारी एवं दीवानी न्यायालय के बार एसोसिएशन सचिव नीरज तंवर और सरकारी अभिवक्ता नीटू विश्नोई के बीच कई दिनों से जारी विवाद में सोमवार को मारपीट हो गई। मारपीट में घायल नीरज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने पांच लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। वहीं नीटू बिश्नोई ने भी दूसरे पक्ष पर पिटाई करने का आरोप लगाया है। सचिव की शिकायत पर पुलिस ने नीटू व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में नीरज ने बताया कि दो दिन पहले उन्होंने नीटू विश्नोई व साथियों के खिलाफ डीएम से शिकायत की थी। डीएम ने मामले की जांच एसडीएम सदर को सौंप दी थी। आरोप है कि इससे नाराज दूसरे पक्ष ने उन पर हमला कर दिया। सोमवार को वह पॉक्सो कोर्ट में पैरवी के सिलसिले में पहुंचे थे। आरोप है कि नीटू ने साथियों के साथ उन पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने उनकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालकर पिटाई कर दी।
घटना के बाद बड़ी संख्या में वकील सूरजपुर कोतवाली पहुंचकर केस दर्ज करने की मांग करने लगे। सचिव ने बताया कि वकीलों ने नीटू को पकड़ कर पुलिस को सौंपा है। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान नीटू बिश्नोई को भी चोटें आईं हैं। नीटू पक्ष की ओर से भी पुलिस को शिकायत देने की बात कही गई है।
इस मुद्दे पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालूराम चौधरी ने पूरी स्थिति को स्पष्ट करने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि नीटू बिश्नोई नामक सरकारी वकील भष्टाचार के अनेक मामलों में लिप्त हैं। बार एसोसिएशन की तरफ से इस सरकारी वकील के कारनामों की शिकायत जिलाधिकारी से की गई थी। उसी शिकायत से चिढ़कर नीटू बिश्नोई व उसके साथियों ने बार के सचिव नीरज तंवर पर जानलेवा हमला किया है।
इस मुद्दे पर नोएडा पुलिस कमिश्नरी की पुलिस फूंक फूंककर कदम उठा रही हैं पुलिस का मत है कि वकीलों के मामले में पुलिस जरा सी चूक भी बड़ा बवाल करा सकती है। इस विषय में डीसीपी सेंट्रल अनिल कुमार यादव ने बताया कि पुलिस को बार एसोसिएशन के सचिव नीरज तंवर की लिखित शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज करके पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। Noida News