
Noida News /ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। सूरजपुर कस्बे में शराब के नशे में परिजनों के साथ झगड़ा व मारपीट कर रहे एक युवक को थाना सूरजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ शांति भंग की धारा के तहत कार्रवाई की गई है।
थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि बीती रात्रि पुलिस को सूचना मिली कि कस्बे में एक युवक अपनी पत्नी और मां के साथ गाली गलौज व मारपीट कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह बाज नहीं आया। इसके पश्चात पुलिस आरोपी युवक दीपक मावी को हिरासत में लेकर थाने ले आई। मेडिकल परीक्षण में उसके शराब पीने की पुष्टि हुई।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शांति भंग की धारा के तहत कार्रवाई की गई है। जांच पड़ताल के दौरान पता चला है कि आरोपी कोई काम धाम नहीं करता है और परिजनों द्वारा काम करने के लिए कहने पर उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट करता है।