
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। विद्युत विभाग की लापरवाही से हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आकर एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। अस्पताल में उपचार के दौरान जान बचाने के लिए चिकित्सकों को उसका एक पैर काटना पड़ा। पीड़ित के दोस्त ने थाना रबूपुरा में विद्युत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
स्वर्ग आश्रम रोड प्रवाह कॉलोनी हापुड़ निवासी कृष्णा राय ने बताया कि वह अपने साथी सोबरन उर्फ सोहनलाल के साथ मजदूरी करने के लिए ग्राम मुठयानी जा रहे थे। इस दौरान 11000 केवीए की हाईटेंशन लाइन के टूटे हुए तार की चपेट में आने से सोबरन गंभीर रूप से झुलस गया। आस पड़ोस के ग्रामीणों ने किसी तरह उसे तार से अलग कर दादरी के अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एम्स के लिए रेफर कर दिया गया।
एम्स में सोबरन के पैर के दो ऑपरेशन हुए। इंफेक्शन फैलने के कारण उसके एक पैर को काट दिया गया। कृष्णा राय ने विद्युत विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए थाना जारचा में मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
थाना दादरी में एक व्यक्ति के खिलाफ मैसेंजर पर गाली गलौज करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मौहल्ला न्यादरगंज निवासी कपिल शर्मा ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत दिनों उसकी भाभी के खिलाफ एक व्यक्ति ने फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी की थी। इस बात की शिकायत जब उन्होंने उसके बेटे शरद से की तो उसने 7 जुलाई को मैसेंजर पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पीडि़त का कहना है कि इससे पूर्व 26 जून की रात्रि को भी आरोपी ने तहसील के गेट पर उसके साथ गाली गलौज व अभद्रता की। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।