
Noida News/ ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना जेवर क्षेत्र से दो सगे भाईयों की शर्मनाक हरकत सामने आई है। यहां पर मां के देहांत हो जाने के बाद छोटा भाई और बड़ा भाई आपस में भिड़ गए। वृद्ध मां की मृत्यु के बाद दाह संस्कार में शामिल होने के लिए अपने बेटों के साथ पहुंचे बड़े भाई के साथ छोटे भाई व उसके बेटों ने मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
ग्राम सिरसा माचीपुर निवासी रूप सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत 13 जुलाई को उनकी 85 वर्षीय टेंटो देवी का लंबी बीमारी के कारण निधन हो गया था। उनके निधन की सूचना पाकर अपने पुत्र वीरेंद्र कुमार, चंद्रपाल, संजू व रामप्रकाश के साथ अपने छोटे भाई रूपचंद के घर पहुंचे। दाह संस्कार को लेकर रूपचंद व उसके लडक़े देवेंद्र और अमित ने उनके साथ गाली गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। तीनों आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। मौके पर इकट्ठा लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उन्हें आरोपियों के चंगुल से छुड़वाया।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच दाह संस्कार किए जाने को लेकर झगड़ा हुआ था। 85 वर्षीय टेंटो देवी अपने छोटे बेटे रूपचंद के साथ रह रही थी। रूपचंद व उनका परिवार ही उनकी सेवा कर रहा था।
दादरी के वार्ड नंबर 21 की सभासद के पति को अज्ञात बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी है। बदमाशों ने सभासद पति के बाइक का सीट कवर काटकर उसमें धमकी भरा पत्र रख दिया। थाना दादरी पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है लेकिन वह पूरे मामले को संदिग्ध मान रही है। नई आबादी निवासी हारुन सैफी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत 11 जुलाई को वह अपने घर के बाहर बाइक खड़ी कर चला गया।
कुछ समय बाद जब वह वापस लौटा तो बाइक की सीट ब्लेड से कटी हुई थी। सीट कवर में एक पर्चा रखा हुआ था। पर्चे में लिखा था कि उसे जल्द ही जान से मार दिया जाएगा। थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल कर वास्तविकता का पता लगाने का प्रयास कर रही है। Noida News