
Noida News /ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव खेरली नहर पर रखकर जाम लगाने वालों के खिलाफ थाना दनकौर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने 12 नामजद सहित करीब 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ जाम लगाने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
आपको बता दें कि गत दिनों देवटा गांव निवासी रोहित पुत्र राजवीर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना बीटा-2 में दर्ज कराई थी। दो दिन पूर्व रोहित कश्यप का शव अलीगढ़ के पिसावा थाना क्षेत्र की नहर से बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद परिजन रोहित के शव को अलीगढ़ से लेकर आए और खेरली नहर पुल पर शव को रखकर जाम लगा दिया।
इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के विरुद्ध भी जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी लोगों की जमकर नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह जाम को खुलवाकर टैफिक को सामान्य कराया।
इस संबंध में श्यामवीर पुत्र महेंद्र, रामवीर पुत्र हरदत्त, दीपक भाटी पुत्र वेदपाल, भिखारी पुत्र जगबीर, सतीश पुत्र अमर सिंह, सूखे पुत्र हरदत्त, बिट्टू पुत्र ऋषि, अमित पुत्र सुखबीर, कालू पुत्र देवेंद्र, हरेंद्र पुत्र मोहर सिंह, गुलाब पुत्र अजीत, अनिल पुत्र उम्मेद, शक्ति पुत्र जीत, सुभाष पुत्र फकीरचंद, मनोज पुत्र राजे, गौरव पुत्र विजय सिंह सहित करीब 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना दनकौर में मुकदमा दर्ज किया गया है। उप निरीक्षक शैलेंद्र कुमार ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। Noida News