
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना जारचा क्षेत्र के छोलस गांव में बीती रात बच्चों के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। दोनों पक्षों की तरफ से लाठी-डंडे चले जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के 30 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।
बीती शाम छोलस गांव निवासी फिरोज व मुजफ्फर के बच्चे आपस में खेल रहे थे। खेलने के दौरान किसी बात को लेकर बच्चों के बीच वाद-विवाद और मारपीट हो गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बच्चों को समझाने की बजाय एक-दूसरे पर कटाक्ष करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच पहले वाद विवाद और फिर मारपीट शुरू हो गई। झगड़े के दौरान दोनों पक्षों की तरफ से सरफराज, बिलाल, शहनवाज, इमरान, संजय खान, वसीम सहित अन्य लोग मौके पर एकत्रित हो गए और जमकर मारपीट हुई।
मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले जिसमें वसीम, सरफराज व शाहनवाज आदि घायल हो गए। दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष की वजह से मौके पर भगदड़ मच गई। इस दौरान किसी व्यक्ति ने इसकी सूचना थाना जारचा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह बवाल को शांत कराया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि इस मामले में फिरोज पक्ष की तरफ से 17 तथा मुजफ्फर पक्ष की तरफ से 13 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने सरफराज, बिलाल, शाहनवाज, इमरान व संजय खान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।