
Noida News/ ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। जेल में बंद कुख्यात माफिया रणदीप भाटी गैंग के बदमाशों ने हत्या के मामले में चश्मदीद गवाह मामा भांजे पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने दोनों गवाहों को जान से मारने के लिए गोली भी चलाई जिसमें दोनों बाल-बाल बच गए। हमलावरों ने पीडि़तों को धमकी दी है कि वह गवाही से पीछे हट जाएं नहीं तो वह उन्हें जान से मार देंगे। पीड़ित ने थाना जारचा में रणदीप भाटी गैंग के 11 शूटरों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्राम दुजाना निवासी संदीप नागर ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 26 जून वर्ष 2012 को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पी-3 में उसके मामा के साले पंकज नागर की हत्या गैंगस्टर रणदीप भाटी व उसके शूटरों योगेश, सुंदर, नवीन उर्फ बिल्लू, अजीत, प्रताप व यतेंद्र लाला ने कर दी थी। इसके बाद 24 अप्रैल 2013 को उसके मामा चमन भाटी की गैंगस्टर रणदीप भाटी व उसके साथियों ने घर में घुसकर हत्या कर दी थी। इस मामले में थाना दादरी में गैंगस्टर रणदीप भाटी, कुलवीर भाटी, योगेश भाटी, हरेंद्र भाटी, उमेश पंडित, रवि, यतेंद्र लाला, अनुज चौधरी व जुगला के खिलाफ थाना दादरी में मुकदमा दर्ज हुआ था। चमन भाटी अपने साले पंकज नागर की हत्या के चश्मदीद गवाह थे। गवाही से पहले रणदीप भाटी ने उनकी हत्या कर दी थी। संदीप नागर ने बताया कि हत्या के दोनों मामलों में वह और उसका मामा कमल भाटी चश्मदीद गवाह है। पूर्व में भी उन पर दिल्ली व उत्तर प्रदेश में करीब 8-10 बार रणदीप भाटी गैंग द्वारा जानलेवा हमला किया गया था। इस हमले में उन्हें गोलियां भी लगी थीं।
संदीप नागर ने बताया कि वह बीते दिनों अपने गांव दुजाना से अपने मामा के गांव डाबरा जा रहा था। जैसे ही वह बिसाहड़ा गांव के पास पहुंचा तो बिना नंबर की एक स्कॉर्पियो और इनोवा कार ने उसे रुकवा लिया। कार में बैठे रणदीप भाटी गैंग के शूटर नवीन उर्फ बिल्लू, हरेंद्र, अमित खारी, शक्ति, यतेंद्र लाला, सतेन्द्र बंसल, हरेंद्र बंसल, अजीत, रवि, अमित उर्फ गुड्डू व सुंदर ने उस पर पिस्टल तान दी। इसके बाद बदमाशों ने मोबाइल फोन पर जेल में बंद रणदीप भाटी और योगेश डाबरा से उसकी बात कराई। रणदीप भाटी ने उसे फोन पर धमकाया कि वह अपने मामा कमल भाटी से बोल दे कि या तो वह फैसला कर ले वरना दोनों को जान से मार देंगे। किसी तरह उसने इनके चंगुल से छूट कर भागने की कोशिश की तो बदमाशों ने उसके ऊपर फायर कर दिया जिसमें वह बाल-बाल बचा। इस दौरान उसका मामा कमल भाटी भी मौके पर आ गया।
शूटरों ने जान से मारने की नियत उस पर भी फायर कर दिया। किसी तरह दोनों ने भागकर अपनी जान बचाई। संदीप नागर ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि माफिया रणदीप भाटी, योगेश भाटी, उमेश पंडित, कुलवीर भाटी जेल में रहकर अपने शूटरों से उनकी हत्या कराने की योजना बना रहे हैं। गत 27 अप्रैल को भी इन्होंने फोन पर उससे 50 लाख रूपये की रंगदारी मांगी और न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसका मुकदमा भी उसने थाना दादरी में लिखवाया था। थाना जारचा प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर सभी नामजद बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। Noida News