विज्ञापन

Noida News : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। खेती की जमीन को पट्टे पर लेकर जुताई करा रहे एक व्यक्ति के साथ गांव के दबंगों ने लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। अधमरा करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीडि़त ने थाना ईकोटेक 1 में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
महाराणा विहार विजयनगर गाजियाबाद निवासी रोहित चौधरी ने बताया कि उसने ग्राम जगनपुर निवासी अजीत कुमार से ग्राम मोतीपुर मढिय़ा में 10 किला जमीन 1 साल के लिए 2 लाख 40 हजार रूपये देकर ठेके पर ली थी। गत 21 जून को वह अपने साथी पंकज के साथ खेत पर गया। खेत की जुताई करने के लिए उसने गांव के ही जुगन का ट्रैक्टर किराए पर लिया।
खेत की जुताई शुरू होने पर गांव निवासी अनिल उर्फ नीरज पुत्र ब्रिजानंद नागर अपने अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया और उसने आते ही गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की और उन्हें अधमरा कर दिया। पीडि़त का आरोप है कि मारपीट की घटना को अंजाम देने के बाद अनिल ने वीडियो कॉल कर अपने पिता ब्रिजानंद को उनकी हालत दिखाई।
ब्रिजानंद ने भी उन्हें मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। Noida News
विज्ञापन