
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। मायके से दहेज में स्कॉर्पियो कार व 10 लाख रुपये ना लाने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीडि़ता की शिकायत पर थाना जारचा पुलिस ने पति सहित पांच ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है।
मूलरूप से कलोंदा गांव निवासी उदयपाल सिंह ने अपनी पुत्री कंचन की शादी ग्राम गालंद थाना पिलखुआ जनपद हापुड़ निवासी अमित के साथ की थी। शादी के समय उसने अपनी हैसियत अनुसार खासा दान दहेज दिया था, लेकिन इससे अमित और उसके परिजन संतुष्ट नहीं थे।
कंचन का आरोप है कि उसका पति अमित व अन्य ससुराल वाले उस पर मायके से स्कॉर्पियो कार व दहेज में 10 लाख रुपये लाने का दबाव डाल रहे थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर अमित सहित उसके ससुराल वाले उसके साथ गाली गलौज कर मारपीट करते थे। गत दिनों आरोपियों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर उसके पति अमित, ससुर किशन सिंह तोमर, सास प्रवेश, ननद आरती व पूजा के खिलाफ दहेज उत्पीडऩ का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।