
Noida News / ग्रेटर नोएडा। मूल रुप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले एक होनहार युवक की मौत बड़ा रहस्य बन गई है। यह युवक गाड़ियों के पार्टस बनाने वाली प्रसिद्ध कंपनी मदरसन सुमी सिस्टम का कर्मचारी था। इस युवक की अचानक हुई मौत पर बड़ा सवाल उठ रहा है। सवाल यह है कि युवक की हत्या हुई या उसने आत्महत्या की है। युवक के परिजन नोएडा कमिश्नरी पुलिस से न्याय की मांग कर रहे हैं।
आपको बात दें कि मूल रुप से यूपी के हरदोई जिले की संडीला तहसील के गांव मसूडा का रहने वाला 23 वर्षीय हर्षवर्धन उर्फ सानू मदरसन सुमी सिस्टम के नोएडा सेक्टर 84 में स्थित प्लांट में ढाई वर्ष से नौकरी कर रहा था। उसने अपने रहने की व्यवस्था ग्रेटर नोएडा के सुथियाना गांव में एक किराये के मकान में कर रखी थी। विगत 4 जुलाई 2023 को हर्षवर्धन उर्फ सानू का शव उसके किराये के मकान में पड़ा मिला था। जब इस बात की जानकारी उसके परिजनों को मिली तो पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिजन भागे भागे ग्रेटर नोएडा पहुंचे जहां उन्हें अपने जवान बेटे का मृत शरीर पड़ा मिला।
हर्षवर्धन उर्फ सानू के पिता जितेंद्र सिंह ने ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक 3 थाने में पुलिस को एक लिखित तहरीर दी है। तहरीर में जितेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि उसका पुत्र हर्षवर्धन उर्फ सानू सुथियाना गांव के जिस किराये के मकान में रह रहा था, उसकी के पास ज्ञानेंद्र सिंह, उसकी पत्नी शिवानी और छोटे भाई किशनपाल सिंह भी रहते हैं। पड़ोसी होने के नाते मेरे पुत्र के इन लोगों से अच्छे संबंध थे।
कुछ दिन पूर्व ज्ञानेंद्र ने अपनी बहन की शादी के लिए मेरे पुत्र से एक लाख रुपये उधार ले लिए थे। जब सानू ने अपने उधार दिए पैसे मांगे तो ज्ञानेंद्र व उसके परिजनों ने मेरे पुत्र को पैसे देने से मना कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। अब मेरे पुत्र का मृत शरीर उसके किराये के मकान में पड़ा मिला है। जितेंद्र सिंह ने इस तहरीर में साफ साफ आरोप लगाया है कि उसके पुत्र हर्षवर्धन की ज्ञानेंद्र सिंह, उसकी पत्नी शिवानी व भाई किशनपाल सिंह ने हत्या कर दी है। जितेंद्र सिंह ने पुलिस से इस मामले में हत्या की एफआईआर दर्ज करने व न्याय देने की मांग की है।
इस विषय में नोएडा कमिश्नरी की पुलिस का पक्ष भी सामने आया है। पुलिस के मीडिया सेल ने एक बयान जारी करके हर्षवर्धन की मौत को आत्महत्या करार दिया है। पुलिस का कहना है कि मदरसन सुमी सिस्टम के कर्मचारी हर्षवर्धन उर्फ सानू ने 4 जुलाई को अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक 3 की पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग यानि लटकाना बताया गया है। पुलिस का कहना है कि थाना पुलिस इस मामले में सभी तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है।
मदरसन सुमी सिस्टम के कर्मचारी हर्षवर्धन उर्फ सानू की इस मौत के मामले में बड़ा सवाल उठ रहा है। सवाल यह है कि उसने आत्महत्या की है अथवा एक लाख रुपये कर्ज न लौटाने के कारण उसकी हत्या की गई है। सभी लोग पूछ रहे हैं कि यदि सानू ने आत्महत्या की होती तो उसके परिवार वाले बिना वजह हत्या की तहरीर क्यों देते। उधर, पुलिस जांच की बात कहकर मामले को लटका रही है। चेतना मंच इस खबर पर बारीकी से नजर बनाए हुए है। आगे मिलने वाले अपडेट से पाठकों को अवगत कराया जाएगा। Noida News