
Noida News : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के दादरी में जिंदगी से पूरी तरह से निराश हुए एक युवक के लिए ग्रेटर नोएडा पुलिस फरिश्ता बनकर प्रकट हो गई। युवक द्वारा जहर सेवन कर जान देने की जानकारी मिलने पर तुरंत हरकत में आई पुलिस ने ऐन मौके पर पहुंचकर युवक की जान बचा ली। फिलहाल युवक अस्पताल में भर्ती है।
ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 10 बजे थाना दादरी पुलिस को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि 28 वर्षीय एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ हुई पारिवारिक कलह के कारण जहरीला पदार्थ (चूहे मारने की दवाई) का सेवन कर लियाा है। युवक द्वारा चूहे मारने की दवाई खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने से पुलिस को पूरे मामले की जानकारी मिली।
इस सूचना पर ग्रेटर नोएडा की थाना दादरी पुलिस द्वारा तत्काल इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस व तकनीकी साक्ष्यों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। काफी जानकारी करने के बाद उक्त युवक के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने युवक के परिजनों की मदद से युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
एडीसीपी ने बताया कि समय पर इलाज मिलने के कारण युवक की जान बच गई और उसकी स्थिति अब सामान्य है। थाना दादरी पुलिस द्वारा युवक व परिजनों की काउंसलिंग की गई है। Noida News