
Noida News /ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना दादरी क्षेत्र के ब्रह्मपुरी मोहल्ले में रहने वाली एक महिला की जिम्स अस्पताल में डिलीवरी के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ब्रह्मपुरी निवासी चीकू मिश्रा की पत्नी 9 माह की गर्भवती थी। शुक्रवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे दादरी के सीएचसी लेकर गए। पूनम की बिगड़ती हालत को देखकर चिकित्सकों ने उसे जिम्स के लिए रेफर कर दिया। जिम्स में डिलीवरी के बाद पूनम को बेटा हुआ। बेटा होने के कुछ देर बाद पूनम की मौत हो गई। पूनम की मौत की जानकारी मिलने पर पति चीकू मिश्रा सहित अन्य परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना दादरी पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना दादरी क्षेत्र के रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। दादरी जीआरपी को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन से कुछ आगे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। जीआरपी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जीआरपी अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कि रेलवे ट्रैक पार करते समय उक्त व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-4 में सडक़ किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी धु्रव भूषण दुबे ने बताया कि बीती शाम पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 4 में सडक़ किनारे एक व्यक्ति बेसुध पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। उन्होंने बताया कि मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष के आसपास है और उसके पास से ऐसे कोई कागजात नहीं मिले हैं जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। Noida News