
Noida News /ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना सूरजपुर में एक व्यक्ति ने अपने रूम पार्टनर पर मोबाइल व अन्य सामान लेकर भागने तथा मोबाइल से 73 हजार रुपए निकालने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।
मूल रूप से गोपालगंज बिहार निवासी मनीष कुमार पांडे ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह सूरजपुर में प्रिंस भाटी के मकान में किराए पर रह रहा है। उसके साथ आदर्श राय उर्फ हर्षित भी रह रहा था। गत दिनों उसका रूम पार्टनर आदर्श राय कमरे से उसका मोबाइल फोन व अन्य सभी जरूर सामान चोरी कर भाग गया। मोबाइल के जरिए उसने उसके खाते से ऑनलाइन 73000 भी निकाल लिए। पीडि़त की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
थाना फेस-3 क्षेत्र के जागृति अपार्टमेंट के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति से मोबाइल फोन लूट लिया। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जागृति अपार्टमेंट निवासी अनिल कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह गत 16 जून को जागृति अपार्टमेंट से जनता फ्लैट की तरफ पैदल जा रहे थे। इस दौरान पीछे से बाइक पर आए दो लोगों ने झपट्टा मारकर उनका फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
थाना बिसरख पुलिस ने एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है। इसके पास से लूटे गए मोबाइल फोन, चाकू व वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि गौर सिटी 2 चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार गश्त पर थे। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर उन्होंने अपाचे बाइक सवार एक युवक को जांच के लिए रोका। संदेह के आधार पर ली गई तलाशी में उसके पास से एक चाकू व तीन मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम कुलदीप उर्फ काजू निवासी शिकारपुर जिला बुलंदशहर बताया। पकड़ा गया आरोपी हाल में विजयनगर गाजियाबाद में रह रहा है। आरोपी ने बताया कि उसे बरामद दोनों मोबाइल फोन उसने राठी मिल थाना विजयनगर क्षेत्र से लूटे थे। पकड़े गए आरोपी ने मोबाइल लूट की कई वारदात को अंजाम देना शुरू किया है। Noida News