
Noida News: ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। कामबख्शपुर गांव में गत दिनों ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अधिग्रहीत भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने गए कर्मचारियों के साथ बदसलूकी व सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में तीन भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। थाना नॉलेज पार्क पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि गत 4 मई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कर्मचारी कामबख्शपुर गांव में प्राधिकरण की अधिग्रहित जमीन पर अवैध रूप से किए गए कब्जे को हटाने के लिए गए थे। प्राधिकरण कर्मचारी अवैध अतिक्रमण हटा रहे थे इस दौरान नवल, भवर और कवर सिंह ने कर्मचारियो के साथ गाली गलौज करते हुए जमकर वाद विवाद किया और जान से मारने की धमकी दी।
इस संबंध में प्राधिकरण कर्मचारी की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, गाली गलौज व जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश कर रही है।