विज्ञापन

Noida News : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। घंघोला गांव में पड़ोस में युवती को अकेला देखकर दो दबंग भाई जबरन उसके घर में घुस आए। दोनों भाइयों ने तमंचे के बल पर उसके साथ छेड़छाड़ व बलात्कार करने का प्रयास किया। पीडि़ता के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी की मां और बहन पीड़िता के भाइयों को बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही हैं। पीडि़ता की शिकायत पर थाना कासना पुलिस ने 2 महिलाओं सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
घंघौला गांव निवासी संजू (काल्पनिक नाम) ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत 13 फरवरी की शाम को परिजन रिश्तेदारी में आयोजित सगाई कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए गए हुए थे। घर पर वह और उसकी बहन अकेली थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाला सुमित उर्फ काशी उसका भाई शिवम उर्फ डब्बा पुत्र राजू प्रकाश उनके घर में घुस आए। मनीष नामक युवक उसके घर के बाहर खड़ा हुआ था। दोनों आरोपी घर में रखी संदूकों को खोलकर तलाशी ले रहे थे। इस दौरान वह मौके पर पहुंच गई और उसने दोनों आरोपियों को रोका तो आरोपियों ने उस पर तमंचा तान दिया और उसके साथ छेड़छाड़ व गंदी हरकत करने लगे। इस दौरान दोनों आरोपियों ने उसके साथ बलात्कार का भी प्रयास किया। शोर मचाने पर उसकी बहन भी मौके पर पहुंच गई और उसने उसे आरोपी से चंगुल से छुड़ाने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की।
झगड़े की आवाज सुनकर आरोपियों की मां कालो एवं मनीष की पत्नी ज्योति मौके पर आई और उन्होंने भी दोनों बहनों के साथ मारपीट की। दोनों महिलाओं ने धमकी दी कि वह अपने कपड़े फाडक़र उसके भाइयों को बलात्कार के झूठे केस में फंसा कर जेल भिजवा देंगे। आरोपियों का कहना था कि उनकी पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ है इसलिए वह उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकते पीडि़ता ने आरोप लगाए कि सुमित और काशी शिवम उर्फ डब्बा मनीष मादक पदार्थों की बिक्री का भी काम करते हैं। पीडि़ता ने आरोपी द्वारा हत्या किए जाने की भी आशंका जताई है। थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला न्यायालय के आदेश पर दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। Noida News
विज्ञापन