
Noida News /ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना बिसरख क्षेत्र के खैरपुर गोल चक्कर के पास बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मूल रूप से केवलपुरी मुजफ्फरनगर निवासी मोहम्मद बाबर पुत्र इकराम मंगलवार को खैरपुर गुर्जर गांव में आई एक बरात में घोड़ा बग्गी लेकर आया था। बरात की चढ़त के बाद वह घोड़ा बग्गी लेकर वापस जा रहा था। खैरपुर गोल चक्कर के पास वह लघुशंका करने के लिए बग्गी से उतरा।
इस दौरान सडक़ किनारे लगे बिजली के खंभे से उसका हाथ छू गया। खंबे में करंट आ रहा था जिसकी चपेट में आकर वह बेहोश होकर गिर गया। घोड़ा बग्गी संचालक मनमोहन सिंह अन्य लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के भिजवाया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बाबर मंगलवार को ही मनमोहन सिंह के यहां काम करने के लिए आया था। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।